Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: फाइनल में भारत ने चीन को 3-1 से हराया, दीपिका ने दागे दो गोल

भोपाल के बरखेड़ा नाथू इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए चीन को शिकस्त दी। चीन ने पहले गोल कर बढ़त बनाई थी, लेकिन दीपिका के दो और इशिका के एक गोल ने भारत को जीत दिलाई।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: फाइनल में भारत ने चीन को 3-1 से हराया, दीपिका ने दागे दो गोल

भोपाल। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 3-1 से हरा दिया। बरखेड़ा नाथू इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआती पिछड़ने के बाद दमदार वापसी की और जीत अपने नाम कर ली। मैच में चीन ने पहले गोल करके 1-0 की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार तीन गोल दागकर मुकाबले का रुख पलट दिया।

दीपिका ने दो गोल कर दिलाई भारत को जीत

भारतीय टीम की ओर से दीपिका ने 37:50वें और 42:25वें मिनट में गोल किए। वहीं, इशिका ने 41:15वें मिनट में बराबरी का गोल दागकर भारत की वापसी की नींव रखी। इससे पहले मुकाबले का पहला गोल चीन की चेन युजुन ने 24:55वें मिनट में किया था। उनके गोल से चीन ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद भारत ने शानदार खेल दिखाया। दीपिका के पहले गोल से स्कोर बराबर हुआ। फिर इशिका ने दूसरा गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। दीपिका ने अपना दूसरा गोल करके भारत की जीत 3-1 से पक्की कर दी।

तीसरी बार फाइनल में आमने-सामने थीं भारत और चीन

भारत और चीन की टीमें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में तीसरी बार एक-दूसरे के सामने थीं। इससे पहले खेले गए दोनों खिताबी मुकाबलों में भी भारतीय टीम ने चीन को हराकर जीत दर्ज की थी। इस बार भी भारत ने चीन को शिकस्त देकर फाइनल में अपना दबदबा कायम रखा।

दर्शकों से खचाखच भरा रहा भोपाल का स्टेडियम

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बरखेड़ा नाथू इंटरनेशनल स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। स्टेडियम में जगह नहीं मिलने के बावजूद कई लोग बाहर से ही भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाते नजर आए। भारतीय खिलाड़ियों के हर गोल पर दर्शकों ने जमकर जश्न मनाया। पूरे मुकाबले के दौरान स्टेडियम में उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts