एसबीआई ने दूसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर किया प्रदर्शन, सालाना आधार पर 10% बढ़ा शुद्ध लाभ

Follow on Google News
एसबीआई ने दूसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर किया प्रदर्शन, सालाना आधार पर 10% बढ़ा शुद्ध लाभ

मुंबई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के लिए शानदार नतीजे पेश किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10% बढ़कर ₹20,160 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹18,331 करोड़ था। यह वृद्धि बाजार की उम्मीदों से कहीं बेहतर रही, क्योंकि ब्रोकरेज फर्मों ने बैंक के मुनाफे में 17% तक गिरावट की आशंका जताई थी। बैंक की ब्याज से होने वाली आय में वृद्धि इसका मुख्य कारण रही। इस तिमाही में ब्याज से आय ₹1,19,654 करोड़ रही, जो पिछले साल की तुलना में 5% अधिक है। ब्याज खर्च भी बढ़कर ₹76,670 करोड़ हुआ, लेकिन बैंक ने अपने कोर बिजनेस में मजबूती दिखाई। नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) 3.3% बढ़कर ₹42,984 करोड़ रही, जो तिमाही-दर-तिमाही आधार पर भी 4.7% की वृद्धि है।

बैंक के परिचालन लाभ में 8.9% बढ़ोतरी

एसबीआई का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (एनआईएम) दूसरी तिमाही में 2.97% रहा, जबकि घरेलू कारोबार के लिए यह 3.09% दर्ज किया गया। बैंक का परिचालन लाभ साल-दर-साल 8.9% बढ़कर ₹31,904 करोड़ तक पहुंच गया। बैंक की बैलेंस शीट में भी स्थिर वृद्धि देखी गई। कुल ऋण वितरण में 12.7% की वृद्धि हुई, जिसमें घरेलू ऋण 12.3% बढ़े। खुदरा क्षेत्र में 15.1% की बढ़ोतरी हुई, जिसमें लघु उद्योगों (एसएमई) को दिए गए ऋण 18.8%, कृषि ऋण 14.2% और व्यक्तिगत ऋण 14.1% बढ़े। कॉरपोरेट ऋण में 7.1% और विदेशी शाखाओं से ऋण में 15% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। बैंक की जमा राशि में भी 9.3% की वृद्धि हुई, जबकि चालू और बचत खातों (सीएएसए) की जमा राशि 8.1% बढ़ी। सितंबर 2025 तक बैंक का सीएएसए अनुपात 39.63% रहा।

संपत्ति गुणवत्ता के लिहाज से बेहतर प्रदर्शन

संपत्ति गुणवत्ता के लिहाज से एसबीआई का प्रदर्शन और बेहतर हुआ है। सकल एनपीए अनुपात 1.73% तक घट गया, जो पिछले साल की तुलना में 40 बेसिस पॉइंट कम है। नेट एनपीए भी घटकर 0.42% रह गया। प्रावधान कवरेज अनुपात (पीसीआर) 75.79% तक बढ़ गया। बैंक का क्रेडिट कॉस्ट सिर्फ 0.39% रहा, जो जोखिम प्रबंधन की मजबूती दर्शाता है। पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) 14.62% पर बना रहा, जिससे बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा, डिजिटल क्षेत्र में भी एसबीआई ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस तिमाही में 64% से अधिक बचत खाते योनो प्लेटफॉर्म के माध्यम से खोले गए। कुल लेनदेन में वैकल्पिक चैनलों की हिस्सेदारी 98.6% तक पहुंच गई है। कुल मिलाकर, एसबीआई के इस तिमाही के परिणाम बैंक के स्थायी विकास, डिजिटल परिवर्तन और मजबूत जोखिम प्रबंधन की दिशा में निरंतर प्रगति को दर्शाते हैं। 

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts