Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा शुरू, डेढ़ घंटे का सफर सिर्फ 15 रुपए में... CM ने दिखाई हरी झंडी

Follow on Google News
रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा शुरू, डेढ़ घंटे का सफर सिर्फ 15 रुपए में... CM ने दिखाई हरी झंडी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और धार्मिक नगरी राजिम के बीच सीधी रेल सेवा का लंबे समय से इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजिम में रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन (68766/68767) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन के शुरू होने से रोजाना हजारों यात्रियों को सस्ता और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।

    30 रुपए में होगा आना-जाना 

    नई ट्रेन सेवा से अब रायपुर से राजिम तक का सफर केवल डेढ़ घंटे में पूरा होगा। किराया भी बेहद किफायती रखा गया है-एक तरफ का मात्र 15 रुपए। पहले यहां तक पहुंचने के लिए बस और निजी वाहनों पर 120 रुपए तक का खर्च आता था। अब यह खर्च 30 रुपए में (आना-जाना) ही पूरा हो जाएगा।

    Twitter Post

    रोजाना हजारों यात्रियों को फायदा

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार रायपुर से राजिम तक रोजाना करीब 2,000 लोग यात्रा करते हैं। इस नई रेल सेवा से क्षेत्र के लगभग ढाई लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना की कुल लागत 1,500 करोड़ रुपए है। ट्रेन में 6 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 पावर कार सहित कुल 8 डिब्बे होंगे।

    राजिम तक मेमू सेवा का विस्तार

    इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिर्फ नई ट्रेन ही नहीं बल्कि रायपुर-अभनपुर मेमू सेवा का विस्तार कर उसे राजिम तक बढ़ाने की भी घोषणा की। इससे अब अभनपुर और राजिम क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी तक सीधी ट्रेन सुविधा मिलेगी।

    यात्रियों में दिखा उत्साह

    नई रेल सेवा की शुरुआत के दिन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन में सवार हुए और उत्साह के साथ रायपुर की ओर रवाना हुए। महिलाओं ने बताया कि अब उन्हें दैनिक आवागमन के लिए भारी खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा और व्यापारी वर्ग ने भी इसे राहतभरा कदम बताया।

    सीएम ने बताया बड़ा बदलाव

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई रेल सेवा से गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी तक आसान और सस्ती पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा- 8 वर्ष पहले तक धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी। अब 8 वर्षों बाद ब्रॉडगेज ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हुई है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और लगातार हो रहे रेलवे निवेश का परिणाम है।

    मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 45 हजार करोड़ रुपए की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में रेलवे सेवाओं का तीव्र विस्तार होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य तैयार होगा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts