Raipur:राजधानी रायपुर में बारिश का कहर,सड़कें बनीं तालाब, जलनिकासी के दावों की खुली पोल

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर में रविवार को हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में बारिश, आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में आस्था का सैलाब,कांवड़िए बने CM साय, भोलेनाथ का किया रुद्राभिषेक
रायपुर में आसमान से आफत की बारिश
राजधानी रायपुर में झमाझम बारिश का दौर शुरू होते ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश के कारण मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर सड़क और नाली का फर्क तक नजर नहीं आया।

यह भी पढ़ें: Janjgir Champa: पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार, थाने में मचा हड़कंप,निगरानी में तैनात आरक्षक सस्पेंड
सड़कें बनीं जलाशय
भामाशाह छात्रावास टिकरापारा, संतोषी नगर, बोरियाखुर्द मार्ग, माना, शास्त्री बाजार, प्रोफेसर कॉलोनी, तेलघानी नाका अंडरब्रिज, स्टेशन रोड और रिंग रोड-1 समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। निचले इलाकों में पानी बढ़ने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
खुली जल निकासी की पोल
तेज बारिश के बाद शहर में जलभराव ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश से पहले नालों और नालियों की सफाई के दावों के बावजूद कई इलाकों में पानी तेजी से जमा हुआ। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही और रोजमर्रा के कामों में परेशानी हुई।
यह भी पढ़ें: Durag Bhilai: मुख्यमंत्री साय ने पत्नी संग सुनी शिव महापुराण कथा, भिलाई में गूंजा ‘हर-हर महादेव’
24 जिलों में मौसम का अलर्ट
मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
40 से 60 KM प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कोरबा में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में प्रार्थना सभा की आड़ में मतांतरण का आरोप, 3 महिलाएं गिरफ्तार
इन जिलों में भी तेज बारिश का खतरा
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
बस्तर से सरगुजा तक बारिश का असर
प्रदेश के बस्तर और सरगुजा संभाग में भी मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण और वन क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: Raipur: स्कूल से घर लौटते घोंघा नदी में बहे तीन मासूम बच्चों के शव बरामद, गांव में पसरा मातम
खराब मौसम में सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली और तेज आंधी के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।





















