शेख हसीना का 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का ऐलान, विजय दिवस पर स्वदेश वापसी की तैयारी

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटने की योजना का ऐलान किया है। खास बात यह है कि उन्होंने स्वदेश वापसी के लिए बांग्लादेश के विजय दिवस की तारीख चुनी है। इस दिन पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद बांग्लादेश को आजादी मिली थी।
5 अगस्त 2024 को सत्ता से हुई थीं बेदखल
5 अगस्त 2024 को छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनआंदोलन के बाद शेख हसीना को अपने 15 साल पुराने शासन का अंत करना पड़ा था। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत में निर्वासन में रहने लगीं। इस आंदोलन के दौरान सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की मौत हुई थी। इस मामले में मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, शेख हसीना ने अदालत के इस फैसले को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह कानूनी प्रक्रिया के तहत इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी।
तारिक रहमान से हवाई यात्रा की व्यवस्था करने की मांग
मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को जारी बयान में शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की अपनी योजना की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के माध्यम से दिल्ली से ढाका तक की यात्रा का इंतजाम करने का आग्रह किया। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बयान में कहा कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश के एक विमान से भारत लाया गया था। ऐसे में अब उनकी मांग है कि सरकार दिल्ली से ढाका वापसी के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था करे।
सहयोगियों ने वापसी को बताया प्रतीकात्मक कदम
शेख हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने 'द एसोसिएटेड प्रेस' से बातचीत में 16 दिसंबर की तारीख चुनने को प्रतीकात्मक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि विजय दिवस के अवसर पर बांग्लादेश लौटने का फैसला काफी महत्वपूर्ण है। उन्हें पूरा विश्वास है कि शेख हसीना इस ऐतिहासिक दिन अपने देशवासियों के बीच मौजूद रहेंगी और अपने पिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक जीत का सम्मान करेंगी। अरिन ने यह भी भरोसा जताया कि शेख हसीना निश्चित रूप से बांग्लादेश लौटेंगी। उनके मुताबिक, उनकी वापसी के बाद देश एक बार फिर उनके नेतृत्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेगा।
पहले भी दिसंबर में लौटने की जता चुकी हैं इच्छा
शेख हसीना इससे पहले भी दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कह चुकी हैं। इसी महीने 'द एसोसिएटेड प्रेस' को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह हर हाल में दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी। उन्होंने कहा था कि मौत भी उन्हें अपने देश वापस आने से नहीं रोक सकती।
बांग्लादेश लौटने पर शेख हसीना की गिरफ्तारी तय
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर गिरफ्तारी का मुद्दा चर्चा में है। बांग्लादेश सरकार के एक मंत्री ने रविवार को कहा था कि अगर शेख हसीना देश लौटती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शेख हसीना को भारत से वापस लाने के लिए बांग्लादेश सरकार की ओर से भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। हालांकि, इस मामले पर बांग्लादेश सरकार के प्रवक्ता की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान।
2024 की हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, बांग्लादेश में 2024 के दौरान हुई हिंसा में लगभग 1,400 लोगों की जान गई थी। इसी हिंसक घटनाक्रम के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इस मामले में बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने पिछले साल नवंबर में शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। उन पर छात्र आंदोलन को कुचलने के लिए हिंसक कार्रवाई के आदेश देने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, शेख हसीना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है।
गोपालगंज में आवामी लीग कार्यकर्ताओं पर हमला, 30 से ज्यादा घायल
बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा का दौर जारी है। इसी बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले में 30 से अधिक आवामी लीग कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इसके अलावा इलाके में कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि आवामी लीग के कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान रैली पर देसी बम फेंके गए, जिसके बाद वहां हिंसा फैल गई।




















