Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

GST में दो रिश्वत कांड मामले में एक शिकायत, पहले 2 निरीक्षक पहुंचे जेल,अब असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ GST विभाग में रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज हैं। पहले रायपुर में दो GST निरीक्षक गिरफ्तार हुए थे। अब कांकेर में असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी और CA इमरान मेमन को डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत के मामले में ACB ने गिरफ्तार किया है। यपुर के कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
GST में दो रिश्वत कांड मामले में एक शिकायत, पहले 2 निरीक्षक पहुंचे जेल,अब असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के GST विभाग में रिश्वतखोरी के दो मामलों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि दोनों मामलों में शिकायतकर्ता एक ही कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज हैं। करीब 10 महीने पहले रायपुर में दो GST निरीक्षकों पर कथित वसूली के आरोप में FIR दर्ज हुई थी और दोनों को जेल जाना पड़ा था। अब कांकेर में GST की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी और उनके कथित सहयोगी चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत के मामले में ACB ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद विभाग ने असिस्टेंट कमिश्नर को निलंबित भी कर दिया है।



एक शिकायतकर्ता, दो रिश्वत कांड; GST विभाग में मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ में GST विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सामने आए इन दोनों मामलों में सबसे चौंकाने वाली बात शिकायतकर्ता का एक ही होना है। पहले रायपुर में दो निरीक्षकों पर ट्रक रोककर कथित वसूली करने का आरोप लगा था। अब कांकेर में एक वरिष्ठ अधिकारी और चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ रिश्वत लेने की शिकायत पर ACB ने कार्रवाई की है। दो अलग-अलग स्थानों पर सामने आए इन मामलों ने विभागीय निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही और कारोबारियों से कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

संबंधित खबर: कांकेर में 1.50 लाख की रिश्वत लेते GST अफसर गिरफ्तार,ACB की टीम बिचौलिया भी दबोचा

रायपुर में ट्रक रोककर मांगे थे एक लाख रुपये

पहला मामला रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र का है। शिकायत के मुताबिक, कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज का लोहे का स्क्रैप लेकर एक ट्रक जगदीश प्लांट जा रहा था। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG-04-MF-4788 को सिलतरा स्थित SKS टर्निंग के पास रोक लिया गया। इसके बाद वाहन को साईं पार्किंग में खड़ा कराया गया। आरोप है कि ट्रक और उसमें लदे स्क्रैप को छोड़ने के बदले GST विभाग के कर्मचारियों ने एक लाख रुपये की मांग की थी।

50 हजार रुपये देने के बाद हुआ वसूली का शक

शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित मांग के बाद अगले दिन 50 हजार रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई। इसी बात से कारोबारी को अवैध वसूली का संदेह हुआ। इसके बाद उसने रायपुर स्थित राज्य कर आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर GST विभाग के दो निरीक्षकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई थी। मामले में दोनों निरीक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

हाईकोर्ट तक पहुंचा था रिश्वतखोरी का मामला

रायपुर में दर्ज इस मामले की गूंज छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुंची थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपित निरीक्षकों की पहली जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी थी। इस घटनाक्रम ने उस समय भी GST विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किए थे।

10 महीने बाद कांकेर में ACB का बड़ा ट्रैप

रायपुर के मामले के करीब 10 महीने बाद उसी शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत पर कांकेर में दूसरी बड़ी कार्रवाई हुई। इस बार ACB की टीम ने GST की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत के मामले में ट्रैप किया। कार्रवाई के दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि इमरान मेमन असिस्टेंट कमिश्नर और शिकायतकर्ता के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। ACB ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तारी के बाद असिस्टेंट कमिश्नर निलंबित

कांकेर रिश्वत मामले में असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी की गिरफ्तारी के बाद GST विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी की गिरफ्तारी से विभाग में भी हलचल मची हुई है।

संबंधित खबर: राजनांदगांव में ACB का बड़ा एक्शन, 20 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक किशोर यादव रंगे हाथ गिरफ्तार, 5 लाख मांगने का आरोप

एक कारोबारी की शिकायत से चार लोगों पर कार्रवाई

दोनों मामलों को जोड़ने वाला सबसे अहम तथ्य शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज हैं। पहले रायपुर में दो निरीक्षकों के खिलाफ कथित वसूली की शिकायत और अब कांकेर में असिस्टेंट कमिश्नर तथा CA के खिलाफ रिश्वत का मामला सामने आया है। हालांकि, दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं और दोनों मामलों में आरोपों का न्यायिक परीक्षण होना बाकी है। आरोपितों को दोषी ठहराने का अधिकार न्यायालय को है। इसके बावजूद लगातार सामने आए इन मामलों ने GST विभाग की आंतरिक निगरानी और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts