धामनोद में 4 दिसंबर को सजेगा खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार, नि:शुल्क कन्या विवाह सम्मेलन और भजन संध्या का होगा आयोजन

धामनोद। धार जिले के धामनोद स्थित बिखरोन खाटू श्याम मंदिर में बाबा का पाठ उत्सव 4 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर समिति पिछले तीन महीनों से तैयारियों में जुटी है। शुक्रवार सुबह पाठ उत्सव स्थल पर विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्य और आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।
भूमिपूजन के साथ शुरू हुईं तैयारियां
पाठ उत्सव के भूमिपूजन कार्यक्रम में खाटू श्याम मंदिर के पुजारी आशीष बिल्लौरे, मैक्स एकेडमी और गुरुकुलम के डायरेक्टर विनय कुमरावत, संजू पटेल, संतोष पटेल, प्रवीण कुशवाह, ओपी पटेल और लोकेश शिंदे सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियों पर चर्चा की।
4 दिसंबर को होगा नि:शुल्क कन्या विवाह सम्मेलन
मंदिर के पुजारी पंडित आशीष बिल्लौरे ने बताया कि 4 दिसंबर को भव्य स्तर पर नि:शुल्क कन्या विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है। मंदिर समिति की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
5 दिसंबर को लकी ड्रॉ और भव्य भजन संध्या
बाबा के पाठ उत्सव के तहत 5 दिसंबर को लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर, बिखरोन (धामनोद) में होगा।
आयोजन के दौरान बाबा का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। भक्तजन मधुर भजनों के जरिए खाटू श्याम बाबा की आराधना करेंगे। रात में आतिशबाजी के साथ उत्सव का समापन होगा।
भक्ति और उत्साह से सराबोर होगा मंदिर परिसर
खाटू श्याम बाबा के इस पाठ उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। मंदिर समिति का प्रयास है कि धार्मिक आयोजन में आने वाले भक्तों को बेहतर व्यवस्था मिले।




















