संविधान दिवस पर अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- संविधान का अपमान करने वाली पार्टी कांग्रेस

रायपुर: संविधान दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू कर संविधान और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। साव ने दावा किया कि संविधान के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस का इतिहास ही संविधान निर्माता के अपमान से जुड़ा रहा है।
26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकार किया था। संविधान निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा था। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। साव के मुताबिक, वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद करना और संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना है।
यह भी पढ़ें: Constitution Day 2025 : आज के दिन अपनाया गया भारत का संविधान, जानिए कैसे बना भारत लोकतांत्रिक गणराज्य
'संविधान सिर्फ कानूनों का संग्रह नहीं, भारत की आत्मा है'
अरुण साव ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है। यह केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सहित अनेक अधिकार प्रदान करता है, लेकिन साथ ही अपने कर्तव्यों और मर्यादाओं की भी याद दिलाता है। संविधान की प्रस्तावना के शब्द 'हम भारत के लोग' देश की एकता और विविधता की ताकत को दर्शाते हैं।
'दुनिया की नजर भारत पर, संविधान हमारी सबसे बड़ी ताकत'
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विविधता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मजबूती ही देश को दुनिया के अन्य देशों से अलग पहचान देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि कभी भारत की एकता और अखंडता को लेकर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन आज देश अपनी विविधताओं पर गर्व करते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसके पीछे संविधान की ताकत और देश की दृढ़ इच्छाशक्ति महत्वपूर्ण है।
अंबेडकर को भारत रत्न देने के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के राजनीतिक कद को छोटा करने का प्रयास किया और लोकसभा चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश की। साव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित करने का काम कांग्रेस समर्थित सरकारों के कार्यकाल में नहीं हुआ। भाजपा समर्थित सरकार के सत्ता में आने के बाद उन्हें यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो राजनीतिक दल संविधान निर्माता को उचित सम्मान नहीं दे पाया, वह आज संविधान के सम्मान की बात किस आधार पर करता है?
यह भी पढ़ें: Constitution Day: बदला भारत, बदले कानून, जानिए वो बड़े बदलाव, जो हर नागरिक को होना चाहिए पता
पंचतीर्थ का विकास और अंबेडकर की विरासत को सम्मान देने का दावा
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की स्मृतियों और उनके योगदान को संरक्षित करने के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
इनमें शामिल हैं:
जन्मभूमि: मध्य प्रदेश के महू में बाबा साहेब की जन्मस्थली पर स्मारक का विकास।
शिक्षा भूमि: लंदन में उनकी शिक्षा से जुड़े स्थल पर अंबेडकर मेमोरियल।
दीक्षा भूमि: नागपुर में दीक्षा भूमि का विकास।
चैत्य भूमि: मुंबई में चैत्य भूमि पर स्मारक से जुड़े कार्य।
महापरिनिर्वाण भूमि: दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक का निर्माण।
साव ने कहा कि संविधान निर्माता को सम्मान देना ही संविधान के मूल्यों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अनुच्छेद 370 से लेकर यूएनओ तक गिनाईं उपलब्धियां
अरुण साव ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर अनुच्छेद 370 के विरोधी थे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर बाबा साहेब की संवैधानिक सोच को आगे बढ़ाया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र में डॉ. अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाई गई। इसके अलावा 14 अप्रैल को उनकी जयंती समरसता दिवस के रूप में मनाने और डिजिटल भुगतान से जुड़े भीम ऐप को बाबा साहेब के नाम पर समर्पित करने का उल्लेख किया।
संविधान दिवस के फैसले का भी कांग्रेस ने किया था विरोध: साव
उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया, तब कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और बाबा साहेब से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों का विरोध करती रही है। साव ने कहा कि संविधान का अपमान बार-बार किसी राजनीतिक दल ने किया है, तो वह कांग्रेस पार्टी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने संविधान के मूल सिद्धांतों और बाबा साहेब के विचारों को देशभर में पहुंचाने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें: संसद के सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस का प्रोग्राम : 7 नई भाषा जारी होगी
संविधान दिवस पर युवाओं को जागरूक करने की अपील
अरुण साव ने कहा कि संविधान दिवस न्याय, समानता, स्वतंत्रता और विविधता में एकता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। यह दिन प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में छत्तीसगढ़ की कई महान विभूतियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इनमें घनश्याम सिंह गुप्त, पंडित रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, पंडित किशोरी मोहन त्रिपाठी और रामप्रसाद पोताई शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री ने इन सभी विभूतियों को नमन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे युवाओं और आम नागरिकों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें।




















