कृष्णबाग के बुलडोजर एक्शन पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 15 हजार लोगों के साथ कलेक्टोरेट घेरने की चेतावनी

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों पर बुलडोजर चलने के बाद अब मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने सरकार और अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने बेघर हुए लोगों से मुलाकात कर उनकी परेशानी सुनी और कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर कई सवाल खड़े किए। पटवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गरीबों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, जबकि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले रसूखदार लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने सरकार को माफियाओं के दबाव में काम करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि इस पूरी कार्रवाई में सबसे ज्यादा नुकसान उन परिवारों का हुआ है, जिन्होंने अपनी जिंदगीभर की कमाई मकान बनाने में लगा दी।
20-30 साल की मेहनत से बनाए थे आशियाने
जीतू पटवारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों ने 20 से 30 वर्षों तक मेहनत-मजदूरी करके और अपनी छोटी-छोटी जरूरतों में कटौती कर मकान खड़े किए थे। किसी ने सिलाई का काम किया तो किसी ने दूसरों के घरों में बर्तन साफ कर पैसे जोड़े। कई परिवारों ने लाखों रुपये खर्च कर प्लॉट की रजिस्ट्री कराई और फिर धीरे-धीरे अपना घर बनाया। आज वही परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।उन्होंने सवाल उठाया कि जब इन क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियां विकसित हो रही थीं, तब प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि क्या कर रहे थे? उस समय निर्माण और प्लॉट की खरीद-बिक्री पर रोक क्यों नहीं लगाई गई? यदि कॉलोनियां अवैध थीं तो वर्षों तक उन्हें विकसित होने से रोकने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई क्यों नहीं?
पटवारी ने आरोप लगाया कि इंदौर में पिछले दो से तीन दशकों के दौरान कई अवैध कॉलोनियां राजनीतिक संरक्षण में विकसित हुईं। इन कॉलोनियों में लोगों ने अपनी जमा-पूंजी लगाकर प्लॉट खरीदे और मकान बनाए। इसके बावजूद अब कार्रवाई का सामना उन परिवारों को करना पड़ रहा है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से आशियाने तैयार किए थे।उन्होंने कहा कि प्रशासन को उन लोगों की जिम्मेदारी भी तय करनी चाहिए, जिन्होंने अवैध कॉलोनियां काटीं और लोगों को प्लॉट बेचे। केवल मकानों को तोड़ देना समस्या का समाधान नहीं है। कार्रवाई में जिम्मेदार अधिकारियों और कॉलोनाइजरों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट तक कांग्रेस लड़ेगी लड़ाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर परिवारों की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी और उसका पूरा खर्च कांग्रेस उठाएगी।पटवारी ने शहर कांग्रेस को कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि करीब 15 हजार लोगों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष करेगी।




















