MP Weather Update: भोपाल में 9 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 4 दिन में और बढ़ेगी ठंड

भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर खत्म होने के बाद अब ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीती रात भोपाल के न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही पारा 12.4 डिग्री से लुढ़ककर 9 डिग्री पर पहुंच गया। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
बीती रात ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री, जबलपुर में 12.6 डिग्री और इंदौर में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दमोह में पारा 9.2 डिग्री रहा। रायसेन और रीवा में 11 डिग्री, गुना में 11.8 डिग्री तथा दतिया, छिंदवाड़ा और श्योपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बैतूल में 12.7 डिग्री और नौगांव में 12.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
अगले 4 दिन में 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में उत्तरी हवाएं सीधे पहुंचती हैं, जिससे रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड, MP में भी बढ़ेगा असर
राजस्थान में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम में हो रहे इन बदलावों का असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ सकता है। ऐसे में प्रदेश में आने वाले दिनों में ठंड और जोर पकड़ सकती है।
नवंबर में टूट सकते हैं ठंड के पुराने रिकॉर्ड
नवंबर के महीने में प्रदेश के कई शहरों में पहले भी न्यूनतम तापमान काफी नीचे जा चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का भी ट्रेंड रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार नवंबर के शुरुआती दिनों में बारिश का अलर्ट रहा है। महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर बारिश की संभावना बन सकती है।




















