PM Modi France Visit:प्रधानमंत्री मोदी लॉन्च करेंगे भारत इनोवेट्स 2026, मैक्रों और ट्रंप से भी होगी अहम मुलाकात

नीस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सप्ताह के विदेश दौरे पर फ्रांस पहुंच चुके हैं। नीस शहर में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग पहुंचे। प्रवासी भारतीयों ने गर्मजोशी के साथ PM मोदी का अभिनंदन किया। इस स्वागत से अभिभूत प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि नीस में मिला प्यार और सम्मान हमेशा याद रहेगा।
PM मोदी ने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले भारतीयों का अपने देश से जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है। उन्होंने भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए इसे भारत की ताकत बताया।

भारत इनोवेट्स 2026 का होगा भव्य शुभारंभ
फ्रांस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम है। PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
इस मंच का उद्देश्य भारत के विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग संस्थानों और तकनीकी संस्थानों से निकल रहे नए आइडिया और स्टार्टअप्स को वैश्विक पहचान दिलाना है। कार्यक्रम के जरिए देश के उभरते उद्यमियों को निवेश, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर मिलेंगे।
भारत इनोवेट्स 2026 में दुनिया भर के निवेशक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसका मकसद भारतीय नवाचारों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना और रिसर्च को कारोबार में बदलने की प्रक्रिया को तेज करना है।
क्यों खास है भारत 2026?
आज भारत दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल है। ऐसे में भारत इनोवेट्स 2026 भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की एक बड़ी पहल माना जा रहा है। इस कार्यक्रम में खास तौर पर डीप-टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा तकनीक, हरित ऊर्जा, स्वास्थ्य तकनीक और डिजिटल नवाचारों पर फोकस रहेगा।
सरकार का मानना है कि अगर शोध और उद्योग के बीच मजबूत संबंध बनाए जाएं तो भारत वैश्विक तकनीकी नेतृत्व की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: G7 समिट में 16 महीने बाद आमने-सामने होंगे मोदी और ट्रंप, ट्रेड डील से लेकर खाड़ी तनाव तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा
मोदी और मैक्रों के बीच होगी अहम बातचीत
14 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा करेंगे। रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार, निवेश, तकनीक, ऊर्जा और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दे बातचीत के केंद्र में रह सकते हैं।
भारत और फ्रांस पिछले कुछ वर्षों में रणनीतिक साझेदारी को लगातार मजबूत कर रहे हैं। फरवरी में राष्ट्रपति मैक्रों भारत आए थे, जहां दोनों देशों ने अपने रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकल्प लिया था।
ट्रंप से भी हो सकती है मुलाकात
PM मोदी के फ्रांस दौरे में एक और चर्चा का विषय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित मुलाकात है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच निवेश, व्यापार, तकनीक और वैश्विक रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस संभावित बैठक पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रंप की AI तस्वीर से मचा बवाल! युद्धपोतों के बीच 'कमांडर इन चीफ' के लुक में दिखे, ईरान समझौते पर भी किया बड़ा दावा
G-7 से जुड़े कार्यक्रमों में भी लेंगे हिस्सा
फ्रांस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी G-7 शिखर सम्मेलन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। यह मंच दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ लाता है। यहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर चर्चा होती है।
भारत भले ही G-7 का सदस्य नहीं है, लेकिन वैश्विक स्तर पर उसकी बढ़ती भूमिका को देखते हुए उसे लगातार इन मंचों पर आमंत्रित किया जाता रहा है।
फ्रांस के कई शहरों में रहेंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा कई चरणों में पूरा होगा। वे 13 और 14 जून को नीस में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद वे 14 से 15 जून तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। फिर 16 से 18 जून के बीच एवियन और पेरिस में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दोबारा फ्रांस लौटेंगे। इस दौरान कई देशों के नेताओं और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों से उनकी मुलाकात होने की संभावना है।
स्लोवाकिया जाएंगे PM मोदी
फ्रांस के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया का दौरा करेंगे। यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। साल 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलीग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे वहां के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेंगे।
भारत-यूरोप संबंधों को मिलेगी नई ताकत
स्लोवाकिया दौरे के दौरान भारत और यूरोप के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। विशेष रूप से भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है। इससे दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।











