PlayBreaking News

G7 समिट में 16 महीने बाद आमने-सामने होंगे मोदी और ट्रंप,ट्रेड डील से लेकर खाड़ी तनाव तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा

फ्रांस में होने वाले G7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खास मुलाकात होने जा रही है। दोनों नेता व्यापार समझौते, खाड़ी क्षेत्र के तनाव और कई मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। 16 महीने बाद होने वाली इस बैठक पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।
Follow on Google News
ट्रेड डील से लेकर खाड़ी तनाव तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 जून को आमने-सामने

फ्रांस में आयोजित होने जा रहे G7 समिट के दौरान भारत और अमेरिका के संबंधों को नई दिशा देने वाली एक खास मुलाकात होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 जून को आमने-सामने बैठकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दोनों नेताओं की यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पिछले करीब 16 महीनों में यह पहला मौका होगा जब मोदी और ट्रंप आमने-सामने बातचीत करेंगे। 

G7 समिट के दौरान होगी अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लेने जा रहे हैं। उन्हें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। समिट के दौरान मोदी कई देशों के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसी कार्यक्रम के इतर 17 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच चल रही ट्रेड डील पर चर्चा प्रमुख विषय रहेगी।

व्यापार समझौते पर आगे बढ़ सकती है बात

भारत और अमेरिका पिछले काफी समय से एक व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों ने इस साल की शुरुआत में एक संयुक्त ढांचे पर सहमति बनाई थी, जिसके बाद अलग-अलग स्तरों पर बातचीत जारी है। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत और अमेरिका स्वाभाविक आर्थिक साझेदार हैं। ऊर्जा, औद्योगिक उत्पादों और कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। अमेरिका का मानना है कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को और मजबूत किया जा सकता है। वहीं भारत भी आर्थिक सहयोग के नए अवसर तलाश रहा है।

Breaking News

AI और वैश्विक विकास पर भी होगी चर्चा

G7 समिट में प्रधानमंत्री मोदी केवल द्विपक्षीय बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे। सम्मेलन के दौरान वह अंतरराष्ट्रीय साझेदारी, सतत आर्थिक विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखेंगे। भारत लगातार यह बात उठाता रहा है कि AI का विकास मानव हितों को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

भारतीय नाविकों का मुद्दा भी रह सकता है एजेंडे में

मोदी और ट्रंप की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर भारत चिंतित है। हाल के दिनों में तेल टैंकरों पर हुए हमलों और उसमें भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने की घटनाओं ने नई चिंता पैदा कर दी है। एक हमले में भारतीय नाविकों की मौत भी हुई थी, जिसके बाद भारत ने अमेरिका के समक्ष अपनी चिंता दर्ज कराई थी। विदेश मंत्रालय ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की थी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे को भी बैठक में उठा सकते हैं, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता का सीधा असर भारत के ऊर्जा और व्यापारिक हितों पर पड़ता है।

ये भी पढ़ें: दोस्त इतना असंवेदनशील कैसे हो सकता है?’ अमेरिकी कार्रवाई पर थरूर के तीखे सवाल, पूछा- क्या भारतीयों की जान की कोई कीमत नहीं?

फ्रांस में भारतीय समुदाय को भी करेंगे संबोधित

G7 समिट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। वह यूरोप के प्रमुख टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप आयोजन 'वीवाटेक समिट' में शामिल होंगे और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा कई द्विपक्षीय बैठकों के जरिए भारत और यूरोपीय देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की जाएगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts