Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूक्रेन को मिलेंगी 500 PAC-3 मिसाइलें, यूरोप के देश चुकाएंगे कीमत, अमेरिका ने 2.1 अरब डॉलर की डिफेंस डील को दी मंजूरी

रूस के बढ़ते मिसाइल हमलों के बीच अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट PAC-3 MSE इंटरसेप्टर बेचने की अनुमति दी है। इस सौदे का अनुमानित मूल्य 2.1 अरब डॉलर है, जिसका भुगतान यूक्रेन के सहयोगी और साझेदार देश करेंगे।
यूक्रेन को मिलेंगी 500 PAC-3 मिसाइलें, यूरोप के देश चुकाएंगे कीमत, अमेरिका ने 2.1 अरब डॉलर की डिफेंस डील को दी मंजूरी
पैट्रियट PAC-3 MSE इंटरसेप्टर।

वॉशिंगटन।अमेरिका के विदेश विभाग ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 (PAC-3) मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट (MSE) इंटरसेप्टर की बिक्री को मंजूरी दे दी। इस रक्षा सौदे की अनुमानित लागत 2.1 अरब डॉलर बताई गई है। खास बात यह है कि इस पूरे सौदे का वित्तीय बोझ यूक्रेन के साझेदार और सहयोगी देशों द्वारा उठाया जाएगा। दरअसल, रूस के लगातार बढ़ते मिसाइल हमलों के बीच यूक्रेन अपनी हवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। देश में अमेरिकी निर्मित पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और PAC-3 इंटरसेप्टर की उपलब्धता काफी सीमित है। इन अत्याधुनिक इंटरसेप्टर का इस्तेमाल रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले हवा में ही नष्ट करने के लिए किया जाता है।

यह भी पढ़े: अमेरिका की नाटो सहयोगियों को सलाह- रूस के खिलाफ बयानबाजी में बरतें संयम, पेंटागन ने दी चेतावनी

पहले से ज्यादा हमले कर रहा रूस

पिछले दो महीनों में रूस ने यूक्रेन पर हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है। इसके चलते आम नागरिकों को लगातार सुरक्षित ठिकानों और बंकरों में शरण लेनी पड़ रही है। अमेरिका के इस फैसले का यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने वॉशिंगटन से इन मिसाइलों की आपूर्ति प्रक्रिया तेज करने की अपील भी की। ज़ेलेंस्की के मुताबिक, आने वाली सर्दियों में रूस के संभावित हमलों से निपटने के लिए यूक्रेन को इन इंटरसेप्टर की तत्काल आवश्यकता है।

सर्दियों के पहले पहुंचाने की मांग रखी

जेलेंस्की ने इस सौदे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा  कि 500 PAC-3 इंटरसेप्टर एक बड़ी संख्या है। बहुत जल्द, यानी इसी सर्दी के मौसम में, ये एक बेहद प्रभावी रक्षा पैकेज साबित हो सकते हैं। हालांकि, चिंता की बात यह है कि इनकी डिलीवरी शुरू होने में अभी कुछ साल लग सकते हैं।उन्होंने आगे कहा- हम अपने अमेरिकी सहयोगियों से लगातार आग्रह कर रहे हैं कि वे ऐसी व्यवस्था करें, जिससे किसी बड़े खतरे की स्थिति में इन PAC-3 इंटरसेप्टर का समय पर इस्तेमाल किया जा सके। हमें ऐसा समाधान चाहिए, जो वास्तविक संकट के दौरान काम आए।

यूक्रेन ने किया था इंटरसेप्टर मिसाइलें खरीदने का अनुरोध

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, यूक्रेन ने 500 PAC-3 MSE इंटरसेप्टर मिसाइलों की खरीद का अनुरोध किया है। इस प्रस्ताव में मिसाइलों के अलावा कुछ गोपनीय और सामान्य स्पेयर पार्ट्स भी शामिल हैं। साथ ही, संबंधित लॉजिस्टिक्स और प्रोग्राम सपोर्ट सेवाओं की खरीद भी इस रक्षा सौदे का हिस्सा है।यह मंजूरी ऐसे समय में आई है, जब यूक्रेन के लिए रूसी हवाई हमलों का मुकाबला करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए PAC-3 MSE इंटरसेप्टर की उपलब्धता बढ़ने से यूक्रेन की हवाई रक्षा क्षमता को मजबूती मिल सकती है। हालांकि, मिसाइलों की वास्तविक आपूर्ति कब शुरू होगी, यह अभी एक महत्वपूर्ण सवाल बना हुआ है।

यह देश देंगे हथियार खरीदी का पैसा

इस रक्षा सौदे के लिए आवश्यक धनराशि 'जंपस्टार्ट' (JUMPSTART) कार्यक्रम के तहत कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिलने वाले वित्तीय योगदान से जुटाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, यूरोपीय संघ के 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' के अंतर्गत उपलब्ध राष्ट्रीय फंडिंग का भी इस्तेमाल किया जाएगा। अमेरिकी विदेश विभाग की अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रस्तावित बिक्री पर अमेरिका अपनी ओर से कोई वित्तीय खर्च नहीं करेगा। इसमें कहा गया है, इस बिक्री में अमेरिका का कोई फंड शामिल नहीं है।

लॉकहीड मार्टिन बना कर देगी मिसाइलें

इस सौदे के लिए प्रमुख रक्षा ठेकेदार के रूप में अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन को जिम्मेदारी दी गई है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, PAC-3 MSE इंटरसेप्टर की यह प्रस्तावित बिक्री यूक्रेन की मौजूदा और भविष्य में सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करेगी। इससे देश की एकीकृत वायु एवं मिसाइल रक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, यूक्रेन के पास पहले से मौजूद पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम को परिचालन की स्थिति में बनाए रखने में भी इन मिसाइलों की अहम भूमिका होगी।

बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा रूस

जेलेंस्की ने बताया कि रूस लगातार यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है। हमलों की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अक्टूबर के शुरुआती दो सप्ताह के दौरान ही रूसी सेना ने यूक्रेन के पावर ग्रिड के महत्वपूर्ण हिस्सों पर 30 से अधिक हमले किए। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, फिलहाल रूसी सेना हर दिन हमारे ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है। उन्होंने बताया कि इन हमलों में बिजली आपूर्ति, हीटिंग व्यवस्था, पानी की सप्लाई और पुलों जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया जा रहा है। इसका सीधा असर यूक्रेन के शहरों और स्थानीय समुदायों के सामान्य जनजीवन पर पड़ रहा है।

अमेरिकी और यूरोपीय सहयोगियों से मौजूदा स्टॉक देने की अपील

जेलेंस्की ने PAC-3 मिसाइलों की आपूर्ति में तेजी लाने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव भी दिया है। उनके प्रस्ताव के अनुसार, अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को सर्दियों के दौरान अपने मौजूदा भंडार से यूक्रेन को इंटरसेप्टर उपलब्ध कराने चाहिए। इसके बाद आने वाले वर्षों में यूक्रेन और उसके साझेदारों की ओर से पहले से अनुबंधित और भुगतान किए गए मिसाइल उत्पादन के जरिए इन देशों के स्टॉक की भरपाई की जा सकती है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts