Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में नकली और अवैध शराब पर लगाम की तैयारी, QR कोड से होगी जांच, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

छिंदवाड़ा आबकारी विभाग ने नकली और अवैध शराब पर रोक के निर्देश दिए। QR कोड से जांच, जागरूकता और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।
छिंदवाड़ा में नकली और अवैध शराब पर लगाम की तैयारी, QR कोड से होगी जांच, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

छिंदवाड़ा। नकली एवं अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला आबकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। सहायक आबकारी आयुक्त  बीआर वैद्य की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के समस्त मदिरा दुकान अनुज्ञाधारी, मंडल एवं वृत्त प्रभारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक तथा आबकारी आरक्षक उपस्थित रहे।

क्यूआर स्कैन कर सत्यापन करने के निर्देश

बैठक में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नकली तथा अवैध मदिरा की रोकथाम के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मदिरा की वास्तविकता एवं संदिग्ध अथवा नकली होने की पहचान के लिए निर्धारित क्यूआर (QR) संकेतांक को स्कैन कर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, संदिग्ध मदिरा की बिक्री अथवा अवैध परिवहन की जानकारी तत्काल आबकारी विभाग को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

हरसूद में अवैध शराब के अड्डों पर पुलिस का छापा, जंगलों से 6 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट

आम नागरिकों को जागरूक करना उद्देश्य

बैठक में मदिरा दुकानों पर आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आवश्यक चेतावनी संबंधी सूचना-पट्ट एवं जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि मदिरा दुकानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को नकली एवं अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दें।

नागरिकों को केवल अधिकृत मदिरा दुकानों से ही मदिरा खरीदने, बोतल की सील एवं लेबल की जांच करने तथा निर्धारित क्यूआर संकेतांक के माध्यम से उसकी प्रामाणिकता का सत्यापन करने के लिए प्रेरित करें।

सूचना पर तत्काल कठोर कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान आम नागरिकों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को नकली तथा अवैध मदिरा से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय की गतिविधियों की सूचना प्राप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क एवं सूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा प्राप्त सूचनाओं का तत्काल सत्यापन कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

आबकारी विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध अथवा अवैध मदिरा के सेवन से बचें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी निकटतम आबकारी कार्यालय अथवा विभागीय अधिकारियों को तत्काल दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि नकली एवं अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts