कवर्धा में सराफा कारोबारी को डंडे से पीटकर बाइक सवार बदमाशों ने की थी लाखों के जेवरात की लूट, 100 से ज्यादा CCTV फुटेज और 24 गांवों में जांच के बाद पुलिस ने दबोचे आरोपी; लूटी गई चांदी, बाइक और नकदी बर

रायपुर/कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में व्यापारी को रास्ते में रोककर डंडे से मारपीट करने और करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात लूटने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हालांकि, गिरोह के दो अन्य सदस्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
संबंधित खबर: Raipur: रायपुर के सराफा कारोबारी पर वक्फ संपत्ति कब्जाने का आरोप, 45 दिन में दुकान खाली करने का नोटिस
48 घंटे में खुलासा, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बेनकाब हुआ लूट गिरोह
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 27 अक्टूबर 2026 की है। पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने डंडे से व्यापारी के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद कीमती चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद तरेगांव जंगल थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

100 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, 24 गांवों में पुलिस की दबिश
500 से अधिक लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग लूट की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। वारदात स्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा पुलिस की टीमों ने 24 गांवों में पहुंचकर 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने का सुराग मिला। इसके बाद सबसे पहले निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास से पकड़ा गया। उससे पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले की रेकी, फिर सुनियोजित तरीके से व्यापारी को बनाया निशाना
लूट के बाद आपस में बांटे जेवरात, गिरफ्तारी से बचने छिपाया माल पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सराफा व्यापारी की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से रास्ते में उन्हें घेरकर लूटपाट की गई। वारदात के बाद गिरोह के सदस्यों ने लूटे गए चांदी के जेवरात आपस में बांट लिए थे। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने जेवरात को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए जेवरात बरामद किए।

11.9 किलो चांदी बरामद, लूट में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी जब्त
तीन आरोपी जेल भेजे गए, दो की तलाश में पुलिस की दबिश पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर बाइक और 1,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




















