Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आर्मेनिया की संसद में जमकर चले लात-घूंसे, सांसदों ने फेंकी कुर्सियां और बोतलें; लाइव कैमरे में कैद हुई पूरी लड़ाई

आर्मेनिया की संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर मारपीट हुई। सदन में लात-घूंसे चले, कुर्सियां फेंकी गईं और पानी की बोतलों से हमला किया गया।
आर्मेनिया की संसद में जमकर चले लात-घूंसे, सांसदों ने फेंकी कुर्सियां और बोतलें; लाइव कैमरे में कैद हुई पूरी लड़ाई
आर्मेनिया की संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर मारपीट हुई।

आर्मेनिया की संसद में ऐसा हंगामा हुआ, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। देश की संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर मारपीट हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि सदन के अंदर सांसद एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। किसी ने पानी की बोतल फेंकी तो किसी ने कुर्सी उठाकर हमला कर दिया। देखते ही देखते संसद का माहौल किसी जंग के मैदान जैसा हो गया। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम संसद के लाइव प्रसारण के दौरान कैमरे में कैद होता रहा। संसद के अंदर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि सांसदों के बीच हाथापाई कॉरिडोर तक पहुंच गई। सुरक्षाकर्मियों और दूसरे सांसदों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा शांत नहीं हुआ। इस घटना में कुछ सांसद घायल भी हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई।

आर्मेनिया की संसद में क्यों हुई सांसदों के बीच मारपीट?

आर्मेनिया की संसद में हुई इस हिंसा की शुरुआत एक विवादित राजनीतिक प्रस्ताव को लेकर हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी पार्टी 'स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया' ने इस साल की शुरुआत में देश में एक नया मंत्रालय बनाने का वादा किया था। इसी प्रस्ताव को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस चल रही थी। सत्तारूढ़ 'सिविल कॉन्ट्रैक्ट' पार्टी के सांसद तारोन चाखोयान ने विपक्ष के इस प्रस्ताव पर सवाल उठाए। उन्होंने विपक्षी पार्टी पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के नेता नारिक करापेत्यान से महिलाओं के सामने माफी मांगने की मांग भी की। इस बयान के बाद सदन का माहौल गर्म हो गया। दोनों पक्षों के सांसद एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते बहस व्यक्तिगत टिप्पणियों और गुस्से में बदल गई।

पोलैंड में बड़ा सियासी बवाल, राष्ट्रपति ने बीच रास्ते से लौटाया विमान, सड़कों पर बवाल

पोडियम पर आमने-सामने आए सांसद

संसद में विवाद उस समय और बढ़ गया, जब सांसद तारोन चाखोयान ने विपक्षी नेता नारिक करापेत्यान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने करापेत्यान को सिर से पैर तक गड़बड़ बताया। इस टिप्पणी से विपक्षी सांसद नाराज हो गए। कुछ ही देर में विपक्षी दल के सांसद अपनी सीटों से उठकर उस पोडियम की तरफ बढ़ने लगे, जहां चाखोयान भाषण दे रहे थे। सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। किसी को संभलने का मौका मिलता, उससे पहले ही विवाद हाथापाई में बदल गया।

होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकर 'MT लुईस 1' पर लिम्पेट माइन हमला, जहाज पर थे 27 भारतीय नाविक

कुर्सियां फेंकीं, पानी की बोतलों से किया हमला

मारपीट के दौरान सांसदों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया। सदन में मौजूद सांसदों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। कुछ सांसदों ने पानी की बोतलें उठाकर विरोधी पक्ष की तरफ फेंक दीं। इस दौरान मेजों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हंगामे के बीच आर्मेनिया की संसद के डिप्टी स्पीकर वाहागन अलेक्सान्यान भी विवाद में शामिल हो गए। वह सत्तारूढ़ सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी के सदस्य हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने विपक्षी सांसदों की तरफ कुर्सी फेंक दी। वहीं, सांसद तारोन चाखोयान को विपक्षी सांसद गार्निक दावत्यन पर पानी फेंकते हुए देखा गया।

स्पीकर ने जारी रखा संसद का लाइव प्रसारण

इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा चर्चा संसद के लाइव प्रसारण को लेकर हो रही है। आमतौर पर किसी सदन में हंगामा होने पर कार्यवाही रोक दी जाती है या प्रसारण से जुड़ा फैसला लिया जा सकता है। लेकिन आर्मेनिया की संसद में स्पीकर रुबेन रुबिन्यान ने लाइव प्रसारण बंद करने से इनकार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि संसद के अंदर आखिर क्या हो रहा है। इसी वजह से सांसदों के बीच हुई मारपीट का पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड होता रहा। लाइव प्रसारण जारी रहने के कारण संसद के अंदर का हंगामा सार्वजनिक हो गया।

संसद के कॉरिडोर में भी नहीं थमा बवाल

सदन के अंदर शुरू हुई लड़ाई केवल संसद कक्ष तक सीमित नहीं रही। जब कुछ सांसद बाहर निकले तो उनके बीच विवाद कॉरिडोर में भी जारी रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां भी सांसद एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते रहे। इस दौरान कथित तौर पर अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। सुरक्षाकर्मियों और अन्य सांसदों ने लगातार बीच-बचाव करने की कोशिश की। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच तनाव काफी देर तक बना रहा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts