Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर के बड़े होटल में हो रहा था लाखों का जुआ! पुलिस की दबिश में 5 गिरफ्तार, 10.85 लाख रुपए नकद जब्त

सीहोर बायपास स्थित द एमराल्ड होटल में कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 10.85 लाख रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए।
सीहोर के बड़े होटल में हो रहा था लाखों का जुआ! पुलिस की दबिश में 5 गिरफ्तार, 10.85 लाख रुपए नकद जब्त

सीहोर। शहर के भोपाल-इंदौर हाईवे बायपास स्थित द एमराल्ड होटल में चल रहे लाखों रुपए के जुए का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। होटल के कमरा नंबर 113 में पांच लोग ताश के पत्तों पर मोटी रकम का दांव लगा रहे थे। 

पुलिस ने दबिश देकर सभी पांचों को रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से 10 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश की गड्डी और जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 14 अतिरिक्त पत्ते जब्त किए गए। पकड़े गए लोगों में देवास, भोपाल और सीहोर के निवासी शामिल हैं।

मुखबिर की सूचना पर होटल में पहुंची पुलिस

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे के अनुसार, 30 अक्टूबर को पुलिस टीम शहर में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भोपाल-इंदौर हाईवे स्थित द एमराल्ड होटल के प्रथम तल पर कमरा नंबर 113 में कुछ लोग बड़ी रकम लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस की मौजूदगी का संदेह न हो, इसलिए टीम निजी वाहन से होटल पहुंची। वहां दो स्वतंत्र पंचों को साथ लेकर पुलिस कमरे तक पहुंची।

बेटे के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, आखिरी सेल्फी के कुछ मिनट बाद उजड़ गया पूरा परिवार, तीन की मौत

दरवाजा खुलते ही सामने आया लाखों का खेल

कमरे के बाहर पहुंचने पर पुलिस को अंदर से ताश के पत्तों के नाम लेकर पैसों के दांव लगाने की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी कार्रवाई में जुट गई। कमरे में लगे बेड पर पांच लोग बैठे थे। उनके सामने ताश के पत्ते बिछे थे और नकदी की गड्डियां रखी हुई थीं। पुलिस ने तत्काल सभी को घेरकर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलना स्वीकार किया।

पांच आरोपियों के सामने मिली लाखों की नकदी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जरदार खां (68), निवासी लोहारदा, जिला देवास; रवि चौधरी (40), निवासी सिरोलिया, जिला देवास; इब्राहिम कुरैशी (58), निवासी छह नंबर बस स्टैंड, हबीबगंज भोपाल; राजेन्द्र चौहान (35), निवासी रेहटी और नवीन शर्मा (46), निवासी नीलकंठ रोड भैरूंदा, जिला सीहोर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के सामने रखी रकम का अलग-अलग हिसाब लगाया। जरदार खां से 2.85 लाख, रवि चौधरी से 1.30 लाख, इब्राहिम कुरैशी से 3.10 लाख, राजेन्द्र चौहान से 65 हजार और नवीन शर्मा से 2.95 लाख रुपए बरामद किए गए। इस तरह कुल 10 लाख 85 हजार रुपए जब्त किए गए। इसके अलावा 52 ताश के पत्तों की गड्डी और फड़ पर इस्तेमाल हो रहे 14 पत्ते भी जब्त किए गए।

सीहोर में हरदीप पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का विरोध, पुतला फूंका, एप्सटीन फाइल्स विवाद को लेकर भाजपा से मांगा जवाब

जुआ एक्ट में मामला दर्ज, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 820/26 के तहत धारा 3/4 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिरीश दुबे के नेतृत्व में की गई। होटल के कमरे में इतनी बड़ी रकम के साथ जुआ पकड़े जाने की घटना ने शहर में भी चर्चा तेज कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि होटल और अन्य प्रतिष्ठानों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों पर नजर रखी जा रही है। अब इस मामले में विवेचना के दौरान यह भी महत्वपूर्ण होगा कि जुए के इस खेल के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था और होटल में इस तरह की गतिविधियों को लेकर प्रबंधन की भूमिका क्या रही।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts