एकता दिवस: पीएम मोदी ने ली परेड की सलामी, 400 करोड़ से ज्यादा की दी सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज पहले से ज्यादा सुरक्षित और संकल्पित है। देशवासियों का बढ़ा हुआ आत्मविश्वास इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस मौके पर उन्होंने गरीबी हटाने के नाम पर राजनीति करने वालों पर भी निशाना साधा और कहा कि नारे लगाने वाले खुद अमीर होते चले गए। वहीं, एकता नगर को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी गई।
एकता परेड की सलामी लेकर सुरक्षा का दिलाया संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल हुए। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित एकता परेड में उन्होंने सलामी ली और देशवासियों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया। परेड में एंटी-नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षा बलों, डॉग स्क्वाड और 5 हजार से अधिक कलाकारों ने अपनी भागीदारी दिखाई।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने गुजरात को दी करोड़ों की सौगात, राहुल गांधी पर कसा तंज; बोले- आपके आलू का कोई सोना नहीं बना सकता
भारत पहले से ज्यादा सुरक्षित और संकल्पित-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत पहले से अधिक सुरक्षित और संकल्पित है। देशवासियों का बढ़ा हुआ आत्मविश्वास इसकी एक बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि यह आत्मविश्वास देश की उपलब्धियों और सरकार व व्यवस्था की संवेदनशीलता से पैदा होता है। देश ने कई बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जो लोगों के भरोसे को मजबूत कर रही हैं।
गरीबी हटाने के नारों पर विपक्ष को घेरा
पीएम मोदी ने गरीबी के मुद्दे पर विपक्षी दलों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही देश में गरीबी हटाने की बातें होती रही हैं और इसी नाम पर वोट भी मांगे गए। लेकिन देश में गरीबी की वास्तविक स्थिति सभी जानते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गरीबी हटाने के नारे लगाने वाले खुद अमीर होते चले गए।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को किया नमन
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रीय एकीकरण और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल ने एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
एकता नगर को 400 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने एकता नगर को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 47 हजार वर्ग मीटर में तैयार रेन फॉरेस्ट और 220 मीटर लंबे ग्लास स्काईवॉक का उद्घाटन शामिल है। इसके साथ ही भारत के सबसे बड़े बोनसाई गार्डन की शुरुआत की गई। यहां 127 कमरों वाले IRCTC होटल का भी शुभारंभ किया गया।
हर साल 31 अक्टूबर को मनाया जाता है राष्ट्रीय एकता दिवस
सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। आजादी के बाद देश की रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में सरदार पटेल ने अहम भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकीकरण के लिए समर्पित रहा।




















