Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत, PAK के साथ होने वाली टी-20 ट्राई सीरीज से वापस लिया नाम

Follow on Google News
पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत, PAK के साथ होने वाली टी-20 ट्राई सीरीज से वापस लिया नाम
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्‍तान के हमले में 3 अफगानी क्रिकेटर्स की मौत हो गई है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई हमला किया। इस हमले में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 7 नागरिक घायल हो गए। मृतकों में तीन स्थानीय क्लब क्रिकेट खिलाड़ी कबीर, सिब्घतुल्लाह और हारून भी शामिल हैं।

    अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस घटना की पुष्टि की। इसके साथ ही कहा कि, हमला पक्तिका की राजधानी शराना में हुआ। तीनों खिलाड़ी वहां क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे थे।

    टी-20 ट्राई सीरीज पर दिखेगा हमले का असर

    हमले के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने नवंबर में होने वाली टी-20 ट्राई सीरीज से नाम वापस लेने का ऐलान किया। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाना था। ACB ने कहा कि “यह कदम उन खिलाड़ियों और नागरिकों के सम्मान में लिया गया है, जिनकी पाकिस्तानी हमले में मौत हो गई।”

    इस सीरीज में अफगानिस्तान को 17 और 23 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने थे। ऐसा पहली बार होता जब अफगान टीम पाकिस्तान की सरजमीं पर उसके खिलाफ उतरती।

    काबुल में ड्रोन हमलों से घर और स्कूल तबाह

    तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, उसने काबुल पर दो ड्रोन हमले किए। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान के मुताबिक, इन हमलों में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल भी हुए। हमले में एक स्कूल और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। इस स्कूल में 500 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं।

    स्कूल अधिकारी मोहम्मद सादिक ने बताया कि, “बच्चे जब लौटे और स्कूल की हालत देखी तो कई बच्चों की आंखों में आंसू थे। यह एक शैक्षणिक स्थान है, कोई सैन्य ठिकाना नहीं।”

    एक हफ्ते में 37 नागरिकों की मौत

    संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तानी हमलों में अफगानिस्तान के 6 प्रांतों में 37 नागरिकों की मौत हुई और 425 घायल हुए। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया, जबकि पाकिस्तान का कहना है कि उसने आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की है।

    दिल्ली से हो रहे तालिबान के फैसले?

    सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने विवादित बयान देते हुए कहा कि, “अफगान तालिबान के फैसले दिल्ली से लिए जा रहे हैं। अफगानिस्तान भारत के लिए प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा है।” इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि, अगर पाकिस्तान को उकसाया गया, तो सैन्य कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अगर तालिबान ने युद्ध का दायरा बढ़ाया तो जवाबी हमला होगा।

    पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष की टाइमलाइन

    8 अक्टूबर: खैबर पख्तूनख्वा में TTP (पाकिस्तानी तालिबान) का पाक सैनिकों पर हमला, 23 सैनिक मारे गए।

    9 अक्टूबर: पाकिस्तान ने काबुल में हवाई हमला किया, TTP नेता नूर वली महसूद को निशाना बनाया।

    10 अक्टूबर: पाकिस्तान ने पक्तिका प्रांत में एक बाजार पर बमबारी की।

    11-12 अक्टूबर: अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी चौकियों पर हमला, दोनों ओर सैकड़ों मौतें।

    12 अक्टूबर: अफगानिस्तान ने सीजफायर की घोषणा की, पाकिस्तान ने हमले जारी रखे।

    15 अक्टूबर: पाकिस्तान ने स्पिन बोल्डक (कंधार) में हवाई हमला किया, 15 नागरिक मारे गए।

    क्या है डूरंड लाइन विवाद

    दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव की सबसे बड़ी वजह डूरंड लाइन विवाद है। 1893 में ब्रिटिश भारत और अफगानिस्तान के बीच यह सीमा तय की गई थी। 2430 किलोमीटर लंबी यह लाइन बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और कबायली इलाकों से गुजरती है। तालिबान इसे मान्यता नहीं देता, उसका कहना है कि यह औपनिवेशिक समझौता अब खत्म हो चुका है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts