Naresh Bhagoria
19 Jan 2026
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने बुधवार को कहा दो हफ्ते से जारी संघीय सरकार के शटडाउन के कारण अमेरिका को प्रतिदिन लगभग 15 अरब डॉलर (करीब 1.25 लाख करोड़ रुपए) का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस स्थिति को अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक बताते हुए डेमोक्रेट्स से अपील की कि वे नायक बनें और रिपब्लिकनों का साथ देकर इस गतिरोध को समाप्त करें। बेसेंट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह शटडाउन अब अर्थव्यवस्था की मांसपेशियों को काटने लगा है। यानी इसका असर अब केवल सरकारी कर्मचारियों या विभागों तक सीमित नहीं, बल्कि उत्पादन, निवेश और उपभोक्ता मांग तक पहुंचने लगा है। उन्होंने बताया अमेरिकी अर्थव्यवस्था में इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समेत कई क्षेत्रों में निवेश की लहर चल रही है, लेकिन सरकार के ठप होने से यह रफ्तार रुक रही है।
बेसेंट ने कहा, यह शटडाउन अमेरिकी अर्थव्यवस्था को हर दिन लगभग 15 अरब डॉलर का नुकसान पहुंचा सकता है। राष्ट्रपति ट्रम्प की नीतियों ने निवेश का एक नया युग शुरू किया है, लेकिन सरकारी कामकाज बंद होने से यह प्रगति थम रही है। उन्होंने आगे कहा कि ट्रम्प प्रशासन की टैक्स नीतियों और टैरिफ से निवेश में तेजी आई है, जो भविष्य में भी जारी रह सकती है। बेसेंट ने उदाहरण देते हुए कहा कि हम उस दौर में प्रवेश कर सकते हैं जैसा 1800 के दशक के अंत में रेलमार्गों के निर्माण के समय या 1990 के दशक में इंटरनेट और आॅफिस टेक्नोलॉजी के उभार के दौरान हुआ था। उनके अनुसार, अगर यह शटडाउन समाप्त हो जाए, तो अमेरिका में तकनीकी और औद्योगिक उछाल का नया अध्याय शुरू हो सकता है। बेसेंट ने यह भी बताया कि अमेरिका का वित्तीय घाटा पिछले वर्ष की तुलना में घटा है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को समाप्त हुआ वित्तीय वर्ष 2025 में घाटा पिछले वर्ष के 1.833 ट्रिलियन डॉलर से कम रहा।
हालांकि उन्होंने सटीक आंकड़ा नहीं बताया, लेकिन कहा कि घाटे का अनुपात आने वाले वर्षों में 3% के आसपास आ सकता है। अमेरिकी कांग्रेसनल बजट आॅफिस (सीबीओ) के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025 का घाटा केवल थोड़ा घटकर 1.817 ट्रिलियन डॉलर रहा है, जबकि ट्रम्प की टैरिफ नीति से कस्टम राजस्व में 118 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। इसके बावजूद, बेसेंट का मानना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मूल स्थिति मजबूत है, और यदि राजनीतिक असहमति खत्म हो जाए तो निवेश, उत्पादन और रोजगार में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा अर्थव्यवस्था के अनुपात में घाटा कम हो रहा है, जो दीर्घकालिक स्थिरता का संकेत है।
कुल मिलाकर, बेसेंट का संदेश यह था कि यदि सरकार का शटडाउन तुरंत समाप्त नहीं किया, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था को प्रतिदिन अरबों डॉलर का नुकसान होता रहेगा। उन्होंने डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकनों दोनों से राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर देशहित में निर्णय लेने की अपील की। उनके अनुसार, यह वक्त राजनीति का नहीं, जिम्मेदारी का है क्योंकि यह नुकसान अब केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि हर अमेरिकी की जेब और रोजगार पर पड़ रहा है।