Peoples Update Special :Malaria Free Blocks : मलेरिया के दंश से मुक्त हुए जबलपुर के पांच ब्लॉक, जनवरी से अब तक आए केवल तीन केस

हर्षित चौरसिया, जबलपुर। मलेरिया उन्मूलन को लेकर पिछले कई वर्षों से जिले में चलाए जा रहे अभियान के अब सकारात्मक परिणाम नजर आने लगे हैं। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में मलेरिया उन्मूलन के लिए पिछले तीन साल की मेहनत के बाद जिला मलेरिया विभाग ने जिले के पांच ब्लॉकों को मलेरिया के दंश से मुक्त करने में सफलता प्राप्त कर ली है। पाटन, मझौली, सिहोरा, शहपुरा व चरगंवा ब्लॉक में तीन साल में एक भी मलेरिया से पीड़ित मरीज सामने नहीं आए हैं। इन ब्लॉकों को मलेरिया फ्री घोषित किए जाने के बाद शेष तीन ब्लॉकों में इसके लिए विभाग के अधिकारी और मैदानी कर्मचारी अब जीतोड़ मेहनत करने में लगे हुए हैं।
इन पांच ब्लॉकों को किया मलेरिया फ्री घोषित
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. ब्रजेश पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग व निगम सहित अन्य विभागों समन्वय के साथ मिलकर किए गए सतत प्रयासों और जागरुकता के चलते जबलपुर जिले ने मलेरिया नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के तीन प्रमुख ब्लॉक पाटन, मझौली, सिहोरा, शहपुरा व चरगंवा आधिकारिक तौर पर 'मलेरिया फ्री' घोषित किए गए हैं। इन ब्लॉकों में पिछले तीन वर्षों के दौरान मलेरिया का एक भी पॉजिटिव केस दर्ज नहीं किया गया है।
जनवरी से अब तक केवल 3 केस
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक पूरे जबलपुर जिले में मलेरिया के महज 3 केस सामने आए हैं। विभाग इसे पिछले वर्षों की तुलना में एक सकारात्मक सुधार बता रहा है। विभाग का लक्ष्य आने वाले समय में पूरे जिले को पूरी तरह मलेरिया मुक्त बनाना है।
इन ब्लॉकों को मलेरिया फ्री बनाने की कवायद
मलेरिया विभाग के मुताबिक जिले के कुंडम, बरेला व पनागर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में मलेरिया का सघन सर्विलेंस चलाया जा रहा है। जिन ब्लॉकों में अभी भी केस सामने आ रहे हैं, वहां विभाग द्वारा पिछले तीन वर्षों के डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।
जांच एवं जागरुकता अभिययान की सफलता
यह सीजन मच्छरजनित बीमारियों का होता है। कलेक्टर के निर्देशन में लगातार चलाए गए जांच एवं जागरुकता अभियान की सफलता हमें जिले के पांच ब्लॉक मलेरिया फ्री के रूप में मिली है। शेष तीन ब्लॉकों में इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे जिले में मलेरिया, डेंगू व चिकिनगुनिया की रोकथाम के लिए टीमें सक्रिय हैं।
डॉ. नवीन कोठारी, सीएमएचओ, जबलपुर।
ये भी पढ़ें: मप्र की राज्यमंत्री को राहत : जांच समिति ने माना प्रतिमा बागरी का जाति प्रमाणपत्र वैध, कांग्रेस की शिकायत खारिज
मलेरिया फ्री होने से वंचित ब्लॉकों की स्थिति
ब्लॉक वर्ष केस
बरगी 2023 01
2024 04
2025 00
पनागर 2023 01
2024 00
2025 00
कुंडम 2023 00
2024 02
2025 00
नोट- आंकड़े जिला मलेरिया विभाग के अनुसार।












