Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हॉन्ग कॉन्ग में टीम इंडिया का फ्लॉप शो! पाकिस्तान के बाद UAE से भी हारी, टूर्नामेंट से बाहर

Hong Kong Sixes 2026: हॉन्ग कॉन्ग सुपर सिक्सेज में टीम इंडिया का खराब प्रदर्शन रहा। क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में भारत को पाकिस्तान के बाद UAE से भी हार मिली। भारत के 94 रनों के जवाब में UAE ने 4.2 ओवर में 97 रन बना दिए। जानिए भारत बनाम UAE मैच का पूरा हाल, नटराजन की बल्लेबाजी और टीम इंडिया के बाहर होने की वजह।
हॉन्ग कॉन्ग में टीम इंडिया का फ्लॉप शो! पाकिस्तान के बाद UAE से भी हारी, टूर्नामेंट से बाहर
टीम इंडिया का फ्लॉप शो, पाकिस्तान के बाद UAE से भी मिली हार, बिना जीत के टूर्नामेंट से बाहर

हॉन्ग कॉन्ग सुपर सिक्सेज 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में मैदान पर उतरी टीम इंडिया एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी और ग्रुप स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई। पहले पाकिस्तान ने भारत को हराया और फिर UAE ने भी भारतीय टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हैरानी की बात यह रही कि भारत ने UAE के खिलाफ 6 ओवर में 94 रन बनाए, लेकिन गेंदबाज इस स्कोर को भी नहीं बचा सके। UAE ने महज 4.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत का सफर खत्म कर दिया।

UAE ने भारत की उम्मीदों पर फेरा पानी

हॉन्ग कॉन्ग सुपर सिक्सेज 2026 में भारत का दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर को UAE से हुआ। इस मैच में भारत के लिए जीत बेहद जरूरी थी। पाकिस्तान से पहला मुकाबला हारने के बाद टीम इंडिया को अगले राउंड में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए UAE को बड़े अंतर से हराना था। लेकिन मैदान पर कहानी कुछ और ही निकली। भारतीय टीम बल्लेबाजी में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और गेंदबाजी में भी UAE के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रही। UAE ने भारतीय टीम को आसानी से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

भारत के बड़े बल्लेबाज रहे फ्लॉप

UAE के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के कई बड़े बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। नीतीश राणा, राहुल तेवतिया और शशांक सिंह जैसे खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। हालांकि, राहुल त्रिपाठी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 7 गेंदों में 24 रन बनाए। कप्तान क्रुणाल पंड्या ने भी 8 गेंदों में नाबाद 15 रन की पारी खेली। इसके बावजूद भारतीय टीम निर्धारित 6 ओवर में 94 रन ही बना सकी।

गेंदबाज नटराजन ने बल्ले से दिखाया दम

इस मुकाबले में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जहां भारत के कई बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे, वहीं गेंदबाज टी. नटराजन ने बल्ले से कमाल कर दिया। नटराजन ने सिर्फ 14 गेंदों में 38 रन की शानदार पारी खेली। उनकी तेज बल्लेबाजी की बदौलत भारत 94 रन तक पहुंच सका। नटराजन भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। लेकिन उनकी मेहनत टीम के काम नहीं आ सकी। भारत के गेंदबाज UAE के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं हुए।

UAE ने 26 गेंदों में खत्म किया खेल

भारत ने UAE के सामने जीत के लिए 95 रन का लक्ष्य रखा था। उम्मीद थी कि भारतीय गेंदबाज मुकाबले में वापसी कराएंगे। लेकिन UAE के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। खालिद शाह और अंशन टंडन ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत UAE ने सिर्फ 4.2 ओवर यानी 26 गेंदों में 97 रन बना दिए। UAE ने बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबला जीत लिया। इस तरह भारत को 10 गेंद बाकी रहते करारी हार का सामना करना पड़ा।

पाकिस्तान को भी UAE ने चटाई धूल

इस टूर्नामेंट में UAE ने सिर्फ भारत को ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान को भी हराया। ग्रुप सी में UAE ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने भारत को 4 विकेट से हराया था, लेकिन UAE के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। इस तरह UAE ने भारत और पाकिस्तान दोनों को पछाड़कर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया।

ये भी पढ़ें: मनीषा भानवाला बनीं वर्ल्ड चैंपियन बनीं, अस्ताना की वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में आखिरी तीन मिनट में पाए लगातार 7 अंक

बिना जीत के भारत का सफर खत्म

हॉन्ग कॉन्ग सुपर सिक्सेज 2026 में कुल 12 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया था। भारत को ग्रुप सी में पाकिस्तान और UAE के साथ रखा गया था। ग्रुप स्टेज के दोनों मुकाबले खत्म होने के बाद UAE दो जीत के साथ पहले स्थान पर रहा। पाकिस्तान एक जीत और एक हार के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि भारतीय टीम दोनों मुकाबले हारकर आखिरी स्थान पर रही। इस खराब प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में नहीं चला भारत का जादू

क्रुणाल पंड्या की कप्तानी में भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन कोई भी मुकाबला भारत के पक्ष में नहीं गया। पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद UAE के सामने भी टीम की कमजोरियां खुलकर सामने आईं। खासकर गेंदबाजी भारत के लिए बड़ी परेशानी साबित हुई। UAE ने 95 रन का लक्ष्य बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया। अब भारतीय टीम के इस प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। टूर्नामेंट में बिना कोई मैच जीते बाहर होना भारत के लिए निराशाजनक नतीजा रहा।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts