इंदौर में इंसानियत की कीमत मौत! घायलों की मदद के लिए कार का पीछा कर रहा युवक 100 फीट तक घिसटा, दर्दनाक मौत

इंदौर। शहर के कैट रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरों की मदद के लिए आगे आए 32 वर्षीय प्रवीण भाटी की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ने पहले दो राहगीरों को टक्कर मारी। इसके बाद चालक घायलों की मदद करने या रुकने के बजाय कार लेकर भागने लगा। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर बुलेट सवार प्रवीण ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन यही कोशिश उनकी जिंदगी की आखिरी कोशिश साबित हुई। आरोप है कि कार चालक ने प्रवीण की बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें करीब 100 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रवीण ने दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल करण का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने कार चालक विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: पति ने अलग रहने से किया इनकार तो पत्नी ने कुल्हाड़ी से कर दी हत्या, 5 साल की बेटी बनी गवाह
घायलों की मदद के लिए पीछा किया, कार चालक ने बाइक को मारी टक्कर
राजेंद्र नगर थाना प्रभारी यशवंत बड़ौले के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कैट रोड पर परमाणु नगर के सामने हुआ। सुखनिवास रोड निवासी प्रवीण भाटी अपनी बुलेट से रंगवासा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरिराम मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार ने दो राहगीरों को टक्कर मार दी।हादसे में घायल करण ने कार चालक को पकड़ने में मदद मांगी। करण डंपर चालक है और दोपहिया वाहन से ड्यूटी पर जा रहा था। घायलों की हालत देखकर प्रवीण ने करण को अपनी बाइक पर बैठाया और कार चालक का पीछा शुरू कर दिया।बताया गया कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे प्रवीण ने कार को पकड़ लिया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रवीण करीब 100 फीट तक कार के साथ घिसटते चले गए। हादसे में प्रवीण और करण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
शरीर पर गंभीर चोटें, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि प्रवीण के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उनके भाई अमित भाटी के मुताबिक, प्रवीण के एक पैर की हड्डी टूट गई थी और पैर की हालत बेहद गंभीर थी।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान प्रवीण के मामा मुकेश सोलंकी वहां से गुजर रहे थे। भीड़ देखकर वे रुक गए, लेकिन जब उन्होंने अपने भांजे को लहूलुहान हालत में देखा तो घबरा गए।वे तत्काल प्रवीण को दशहरा मैदान स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल करण का अस्पताल में उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें: चांपा में मौसम का बदला मिजाज, सुबह घने कोहरे ने रोकी शहर की रफ्तार, सड़कों पर छाई धुंध से बढ़ा हादसों का खतरा
पीथमपुर की दवा कंपनी में डिप्टी मैनेजर है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, कार चालक विकास शुक्ला वीआईपी परस्पर नगर का निवासी है और पीथमपुर की एक दवा कंपनी में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बताया गया कि वह कार को सर्विसिंग के लिए लेकर जा रहा था।हादसे के बाद राजेंद्र नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की परिस्थितियों और कार चालक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 की मौत, ऑरेंज अलर्ट में उड़ान पर सवाल
परिवार पर पहले भी टूट चुका है दुखों का पहाड़
प्रवीण भाटी बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करते थे। उनकी शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। परिवार में उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता महेश भाटी प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं।परिवार पहले भी सड़क हादसे का दर्द झेल चुका है। प्रवीण के बड़े भाई पंकज भाटी की करीब 11 साल पहले एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब प्रवीण की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




















