Bengaluru Conrad Hotel Accident: स्विमिंग पूल में करंट लगने से 2 विदेशी नागरिकों की मौत, बचाने पहुंचे अमेरिकी-भारतीय कर्मचारी घायल

बेंगलुरु के एक फाइवस्टार होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। हलासुरू स्थित कॉनराड होटल के स्विमिंग पूल में करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का नागरिक बताया जा रहा है। हादसे के दौरान दोनों को बचाने पहुंचे एक अमेरिकी नागरिक और होटल के भारतीय पूल अटेंडेंट भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कॉनराड होटल के स्विमिंग पूल में कैसे हुआ हादसा?
यह घटना बेंगलुरु के हलासुरू इलाके में स्थित कॉनराड होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूल में मौजूद दो विदेशी नागरिक अचानक करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई और दोनों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्हें बचाने की कोशिश की गई। इस दौरान अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और होटल में पूल अटेंडेंट के रूप में काम करने वाले राहुल तिवारी भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
विदेशी नागरिकों को बचाने पहुंचे दो लोग भी घायल
स्विमिंग पूल में करंट फैलने के बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान मैथ्यू डेसेंटिस और राहुल तिवारी घायल हो गए। दोनों घायलों को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।



















