CG NEWS :कवर्धा में बड़ा हादसा टला: 50 फीट नीचे फोक नदी में गिरी कार, पति-पत्नी बाल-बाल बचे, अधूरे पुल पर फिर उठे सवाल।

संजीव गुप्ता। कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में अधूरे पुल और सड़क निर्माण की वजह से एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जबलपुर से कोरबा जा रहे पति-पत्नी की तेज रफ्तार कार करीब 50 फीट नीचे फोक नदी में गिर गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण कार्य और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
50 फीट नीचे नदी में गिरी कार
जबलपुर से कोरबा जा रहे पति-पत्नी की कार पांडातराई थाना क्षेत्र में उस स्थान पर अनियंत्रित हो गई, जहां पुल और सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। कार सीधे करीब 50 फीट नीचे फोक नदी में जा गिरी। हादसा बेहद भयावह था, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों की जान बच गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने बचाई जान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने कार में फंसे पति-पत्नी को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोट नहीं आई है।
ब्लैक स्पॉट पर नहीं हैं सुरक्षा इंतजाम
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वह लंबे समय से ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। इसके बावजूद वहां न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। रात के समय मोड़ और अधूरे निर्माण के कारण बाहरी वाहन चालकों को सड़क की सही दिशा का अंदाजा नहीं लग पाता।
पहले भी जा चुकी हैं पांच जानें
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी एक भीषण कार हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी बड़ी घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ बढ़ गया है। लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
CG NEWS: CG TET 2026: TET परीक्षा में देरी से 85 हजार शिक्षकों का भविष्य अधर में, प्रमोशन पर संकट
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
-
अधूरे पुल और सड़क निर्माण को तत्काल पूरा किया जाए।
-
ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
-
पर्याप्त हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो।
-
दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सुरक्षा बैरिकेड लगाए जाए।












