रायपुर स्टेशन पर 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त,भोपाल से ट्रेन में पहुंची थी खेप,खाद्य विभाग में मचा हड़कंप

रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रतिबंध के बावजूद संदिग्ध एनालॉग पनीर की सप्लाई का मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह खेप मध्यप्रदेश के भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर पहुंची थी। जब्त पनीर के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब विभाग इसके मालिक और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
रेलवे स्टेशन पर कैसे पकड़ी गई 300 किलो पनीर की खेप?
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर मिली पनीर की खेप संदिग्ध है। विभाग की कार्रवाई में कुल 300 किलो पनीर जब्त किया गया है। इसमें करीब 150 किलो पनीर बालाजी एंटरप्राइजेज कंपनी के नाम से मिला है, जबकि शेष 150 किलो पनीर बिना किसी ब्रांड और लोगो के पाया गया।

संबंधित खबर: प्रतिबंध के बाद भी बन रहा था एनालॉग पनीर, रुद्रांश डेयरी पर फिर छापा; 25 क्विंटल पनीर जब्त, जांच पर उठे सवाल
भोपाल से रायपुर पहुंची थी खेप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध पनीर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर लाया गया था। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि पनीर किसके लिए मंगाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। खेप के वास्तविक मालिक की पहचान भी की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित है एनालॉग पनीर
अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता के अनुसार, छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर प्रतिबंधित है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने जब्त पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। हालांकि, अभी तक लैब रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में जब्त पनीर को नकली या प्रतिबंधित एनालॉग पनीर घोषित करना जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी बड़ी कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पनीर की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक प्रकृति का खुलासा जांच रिपोर्ट से होगा। रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग खेप के मालिक और इसके परिवहन से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।
संबंधित खबर: 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त; सीहोर की डेयरी में गंदगी के बीच चल रहा था निर्माण, खाद्य विभाग की टीम ने रुकवाया कारोबार
प्रतिबंध के बाद भी कैसे पहुंच रहा बाजार में संदिग्ध पनीर?
उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद दूसरे राज्यों से ऐसी संदिग्ध खेप पहुंचने का मामला खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भोपाल से रायपुर पहुंची 300 किलो पनीर की यह खेप किस बाजार में खपाई जाने वाली थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।




















