जेन्सेन हुआंग को वापस लाने के लिए 5000 से ज्यादा लोगों ने किए साइन, दूसरी तरफ बुरे बर्ताव की रिपोर्ट्स ने मचाया हंगामा

न्यूयॉर्क। जेन्सेन हुआंग को कंपनी में वापस लाने के लिए 5000 से ज्यादा लोगों ने एक ऑनलाइन एप्लीकेशन पर साइन किए हैं, इससे यह लगता है कि वे कंपनी में काफी ज्यादा पॉपुलर थे। यह भी कहा जा रहा है कि वे छोटे से लेकर बड़े कर्मचारी तक का ध्यान रखते थे। लेकिन इसके उलट उनके बुरे बर्ताव की रिपोर्टस भी बाहर आ रही हैं। 'न्यूयॉर्क पोस्ट' ने अपनी रिपोर्ट में उनके बुरे बर्ताव का खुलासा किया है। इसमें कहा गया है कि वे अक्सर कर्मचारियों के साथ बहुत बुरा बर्ताव करते थे और उन्हें अपशब्द कहते थे। एक बार जेनेसेन ने एक सीनियर एग्जीक्यूटिव पर पानी की बोतल भी फेंक दी थी। यह भी खुलासा हुआ है कि इससे कंपनी के अंदर माहौल काफी तनावपूर्ण रहता था। सूत्रों ने बताया कि यह घटना उनके बर्ताव के एक बड़े पैटर्न का हिस्सा थी। कुछ कर्मचारियों को तो इस बात पर हैरानी थी कि उनके कंपनी छोड़ने से पहले उनके इस तरह के गुस्से के किस्से बाहर क्यों नहीं आए।
यह भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग रोज 8.4 लाख रुपए खर्च करे तब भी हजारों साल चलेगी संपत्ति, जानें कितने अरब डॉलर है उनकी दौलत
वर्तमान अंतरिम सीईओ से भी हुई थी तकरार
हुआंग के इस्तीफे के बाद क्रेस ने ही अंतरिम CEO का पद संभाला है। सीनियर अधिकारियों के साथ हुआंग के बर्ताव में एनवीडिया की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस के साथ हुई तकरार भी शामिल थी। एक मीटिंग के दौरान जब क्रेस प्रेजेंटेशन दे रही थीं तब हुआंग ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और उनकी तुलना "हेडलाइट के सामने आए हिरण" (यानी घबराकर सुन्न हो जाने वाले व्यक्ति) से की।
असहमति बिल्कुल बर्दाश्तन नहीं थी उनको
हुआंग की जीवनी 'द थिंकिंग मशीन' के लेखक स्टीफन विट ने 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के एक लेख में पूर्व CEO के मुश्किल मैनेजमेंट स्टाइल के बारे में बताया है। विट ने लिखा है कि हुआंग अक्सर खुद को एक विनम्र लीडर के रूप में पेश करते थे। वे कर्मचारियों की तारीफ करते थे और डिशवॉशर के तौर पर अपने शुरुआती काम के अनुभवों के बारे में बात करते थे। विट का कहना है कि उनकी इस सार्वजनिक छवि के पीछे असहमति को बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने का स्वभाव छिपा था। विट के अनुसार, जो कर्मचारी हुआंग के विचारों को चुनौती देते थे, उनके लिए हुआंग के पास बहुत कम धैर्य था। छोटी-मोटी असहमति पर भी वे बुरी तरह भड़क जाते थे।
यह भी पढ़ें: एनवीडिया से नेस्ले तक, निजी रिश्तों ने कैसे छीनी इन 6 दिग्गज सीईओ की कुर्सी, जानिए पूरे मामले
लोगों को कहते थे अपशब्द
2025 में लगभग 40 कर्मचारियों के साथ हुई तीन घंटे की एक मीटिंग के दौरान, हुआंग ने पर एक सीनियर सेल्स लीडर से कहा- तुम्हें मेरे बिजनेस के बारे में… कुछ नहीं पता। एक और मौके पर उन्होंने एक सीनियर लीडर को मीटिंग से बाहर निकाल दिया। यह उस अधिकारी की हुआंग के साथ पहली ही मीटिंग थी। हुआंग ने उससे चिल्लाते हुए कहा- क्या तुम मुझ पर मुस्कुरा रहे हो, मुझे यहां बस मुर्दा चेहरे दिखाई दे रहे हैं, बाहर निकलो।
ऊपर से दिखते थे शांत इंसान
न्यूयॉर्क पोस्ट को कंपनी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि मीटिंग्स के दौरान कर्मचारी उनके गुस्से से डरे रहते थे। भले ही बाहर से वे एक कूल और रिलैक्स्ड इंसान लगते थे, लेकिन कंपनी के अंदर का माहौल काफी तनावपूर्ण रहता था। पिछले साल फरवरी में 30 से ज्यादा एग्जीक्यूटिव्स के साथ हुई एक मीटिंग के दौरान हुआंग ने अपना गुस्सा जे पुरी (भारतीय मूल के व्यक्ति) पर निकाला। पुरी उस समय वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर थे। हुआंग ने पुरी से कहा- मुझे उम्मीद है कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और खराब हो जाए। काश तुम मर जाओ और हमें इस मुसीबत से छुटकारा मिल जाए।
मीटिंग में बैठे लोग हैरान रह गए थे
उनके इस कमेंट ने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान और चुप कर दिया। कंपनी के अंदर के लोगों ने कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में स्थित एनवीडिया (Nvidia) के मुख्यालय की एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें हुआंग ने कथित तौर पर एक मीटिंग के दौरान एक टॉप एग्जीक्यूटिव की तरफ पानी की बोतल फेंक दी थी।




















