रायपुर में छठ का महाकुंभ,50 से ज्यादा घाटों पर उमड़ेगी आस्था,महादेव घाट पहुंचेंगे CM साय

रायपुर: राजधानी रायपुर में छठ महापर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। शहर के 50 से अधिक नदी-तालाबों और पूजा घाटों पर छठी मइया की आराधना की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय कठिन व्रत का समापन करेंगे। खारुन नदी के महादेव घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। महादेव घाट से लेकर बिरगांव के व्यास तालाब, हीरापुर के छुईया तालाब और सड्डू तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति की छटा देखने को मिलेगी।
महादेव घाट पर CM साय की मौजूदगी, शाम 4 बजे से सजेगा सांस्कृतिक मंच
खारुन नदी के किनारे स्थित महादेव घाट पर इस बार छठ महापर्व का मुख्य आकर्षण रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन समिति का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। 15 नवंबर को शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके बाद सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करने के साथ महाआरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम में लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी। छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। वहीं, प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका एवं धार्मिक झांकियां प्रस्तुत करेगी।
संबंधित खबर: Chhath Puja 2026: नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व, जानें 4 दिनों की पूजा विधि, महत्व और शुभ मुहूर्त
बिरगांव के व्यास तालाब में उमड़ेगी हजारों की भीड़
बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आयोजन किया जा रहा है। यहां संध्या अर्घ्य और अगले दिन उषा अर्घ्य के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति को उम्मीद है कि दोनों दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे। समिति के कोमल रंजय सिंह के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा सामग्री और व्रतियों की व्यवस्था को ध्यान में रखकर आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
हीरापुर और सड्डू में भी भोजपुरी कलाकार जमाएंगे रंग
हीरापुर स्थित छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से छठ पूजा का आयोजन होगा। यहां विशेष रूप से पटना से कलाकार पहुंचेंगे। वहीं, सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें लल्लू महाराज सहित भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
संबंधित खबर: 13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, जानिए नहाय-खाय कब है और कब खुलेगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
इन घाटों पर भी होगी सूर्यदेव की आराधना
महादेव घाट और व्यास तालाब के अलावा आमा तालाब, मच्छी तालाब, सड्डू तालाब, हीरापुर के छुईया तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित शहर के 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा होगी। जिला प्रशासन, नगर निगम और आयोजन समितियां घाटों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में जुटी हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था भी की जा रही है।
आज खरना, कल संध्या अर्घ्य और सोमवार को उषा अर्घ्य
छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला कठिन तप और सूर्योपासना का पर्व है। इस दौरान व्रती नियम, संयम और शुद्धता के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना करते हैं। इस वर्ष पर्व का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है।
13 नवंबर, शुक्रवार
संपन्न
नहाय-खाय: स्नान और सात्विक भोजन के साथ पर्व की शुरुआत।
14 नवंबर, शनिवार
आज
खरना: दिनभर उपवास के बाद शाम को पूजा और प्रसाद ग्रहण। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू।
15 नवंबर, रविवार
कल
संध्या अर्घ्य: व्रती नदी और तालाबों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। रायपुर में सूर्यास्त लगभग शाम 5:22 बजे संभावित है।
16 नवंबर, सोमवार
समापन
उषा अर्घ्य: सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे और चार दिवसीय पर्व संपन्न होगा।
संबंधित खबर: Chhath Pooja: सूर्य देव को आज अर्घ्य देंगी व्रती, घाटों पर होंगे पारंपरिक लोकगीत, आतिशबाजी का भी आयोजन
सूप, दउरा और ठेकुआ के बिना अधूरी है छठ पूजा
छठ महापर्व में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष धार्मिक महत्व है। सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है। दउरा में पूजा सामग्री रखकर श्रद्धालु घाट तक पहुंचते हैं। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ छठ पूजा का पारंपरिक प्रसाद है। इसकी तैयारी घरों में कई दिन पहले से शुरू हो जाती है। पूजा में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
डूबते और उगते सूर्य की पूजा, छठ की सबसे अनूठी परंपरा
छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की आराधना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यदेव जीवन, ऊर्जा और आरोग्य के स्रोत हैं। वहीं छठी मइया की पूजा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना के लिए की जाती है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। यही वजह है कि रायपुर में छठ महापर्व अब बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन का रूप ले चुका है।




















