रायपुर में तत्काल टिकट पर बवाल,रेलवे स्टाफ पर दलालों से मिलीभगत का आरोप

रायपुर: राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट नहीं बनने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। टिकट के लिए रातभर लाइन में इंतजार करने वाले यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का दावा है कि आरक्षण केंद्र के कुछ कर्मचारियों की दलालों से सांठगांठ है। इसी वजह से लाइन में खड़े आम यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। मामले में एक महिला यात्री ने वीडियो बनाकर पूरे घटनाक्रम को सामने लाया है और रेलवे के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
रातभर इंतजार, लेकिन तत्काल टिकट नहीं मिला
शिकायतकर्ता महिला गरिमा ध्रुव के मुताबिक, वह तत्काल टिकट बनवाने के लिए देर रात से ही रायपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में लाइन लगाकर खड़ी थीं। सुबह यात्रियों को अलग-अलग काउंटर के लिए टोकन नंबर दिए गए। गरिमा को जिस काउंटर का टोकन मिला था, वहां तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने से ठीक पहले तक कर्मचारी मौजूद नहीं थी।
टिकट खुलने से ठीक पहले पहुंची कर्मचारी
गरिमा ध्रुव का आरोप है कि संबंधित काउंटर की कर्मचारी सुबह करीब 9:55 बजे, यानी तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने से महज 2-3 मिनट पहले पहुंची। इसके बाद कंप्यूटर चालू करने के दौरान सिस्टम हैंग होने की बात कही गई। कुछ देर बाद अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक यात्रियों की परेशानी और नाराजगी बढ़ चुकी थी।
दलालों से मिलीभगत का गंभीर आरोप
महिला यात्री ने आरक्षण केंद्र में पदस्थ कुछ कर्मचारियों और कथित दलालों के बीच सांठगांठ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आम यात्री रातभर लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन टिकट बनाने की प्रक्रिया में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
CCTV फुटेज में कैद होने का दावा
गरिमा ध्रुव ने दावा किया है कि सुबह 6 बजे के बाद आरक्षण केंद्र में अलग-अलग संदिग्ध लोग पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने वहां मौजूद क्लर्क को पैसे दिए और इशारों में बातचीत की। महिला का कहना है कि आरक्षण केंद्र में लगे CCTV कैमरों में यह पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो सकता है। उन्होंने CCTV फुटेज की जांच कराकर कथित दलालों और कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।
दिल्ली बोर्ड में शिकायत का दावा
महिला यात्री गरिमा ध्रुव ने बताया कि रातभर इंतजार करने के बाद भी टिकट नहीं बन पाना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने इस मामले में रेलवे के दिल्ली स्थित बोर्ड स्तर पर शिकायत करने का दावा किया है। अब यात्रियों की मांग है कि आरक्षण केंद्र के CCTV फुटेज की जांच कराई जाए और यदि किसी कर्मचारी की दलालों से मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।




















