Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भानुप्रतापपुर में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी, निःसंतान महिला के गहने उतरवाए,2 गिरफ्तार

पहले दवाई के नाम पर वसूले 3,700 रुपये, फिर जादू-टोने का डर दिखाकर मंगलसूत्र और पायल ले उड़े आरोपी,छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले दवाई के नाम पर 3,700 रुपये लिए, फिर जादू-टोने का डर दिखाकर करीब 41 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने उतरवा लिए। भानुप्रतापपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भानुप्रतापपुर में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी, निःसंतान महिला के गहने उतरवाए,2 गिरफ्तार

रायपुर/कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर में निःसंतान महिला को इलाज और जादू-टोना दूर करने का झांसा देकर ठगों ने पहले ऑनलाइन 3,700 रुपये वसूले। इसके बाद कथित सम्मोहन का सहारा लेकर महिला का सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल उतरवा ली। शिकायत के बाद पुलिस ने राजनांदगांव जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: धमतरी में अंधविश्वास की आड़ में 2 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार! एक साल से झेल रहे प्रताड़ना, कलेक्टर से मांगा न्याय

दवाई के नाम पर घर पहुंचे पांच लोग, ऑनलाइन लिए पैसे

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 27 सितंबर 2026 को पांच लोग उसके घर पहुंचे थे। इनमें गिरफ्तार आरोपी जोत कुमार ठाकुर भी शामिल था। आरोपियों ने महिला को निःसंतान होने की समस्या दूर करने के लिए दवाई देने का दावा किया और इसके बदले 3,700 रुपये मांगे। महिला उनकी बातों में आ गई और बताए गए मोबाइल नंबर 8305488367 पर ऑनलाइन भुगतान कर दिया। पैसे मिलने के बाद आरोपी वहां से चले गए।

जादू-टोने का डर दिखाकर रची दूसरी साजिश

30 सितंबर को आरोपी दोबारा महिला के घर पहुंचे। इस बार उन्होंने महिला की हाथ की नाड़ी देखकर दावा किया कि उस पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है। आरोपियों ने कहा कि इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए विशेष झाड़-फूंक करनी पड़ेगी। इसके लिए उन्होंने महिला से 12 हजार रुपये मांगे। महिला ने आर्थिक परेशानी के चलते तत्काल रकम देने में असमर्थता जताई। इस पर आरोपियों ने कथित तौर पर झाड़-फूंक के बाद पैसे देने की बात कहकर उसे अपने झांसे में बनाए रखा।

कथित सम्मोहन से उतरवाया सोने का मंगलसूत्र और पायल

आरोप है कि झाड़-फूंक के नाम पर आरोपियों ने महिला को अपने प्रभाव में लेकर उसका सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया। इसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही करीब 6 हजार रुपये कीमत की चांदी की पायल भी ले ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला को किसी को भी घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस तरह महिला से करीब 41 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए गए।

ये भी पढ़ें: अंधविश्वास का खौफनाक अंत : 7 दिन चली तंत्र साधना के बाद दोहरे हत्याकांड का खुलासा, चार दोषियों को उम्रकैद

राजनांदगांव के दो आरोपी गिरफ्तार, गहने और बाइक जब्त

महिला की शिकायत के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

जोत कुमार ठाकुर (24 वर्ष) – निवासी शांति चौक टेड़ेसरा, थाना सोमानी, जिला राजनांदगांव।

गोकुल (27 वर्ष) – निवासी आतापारा आरीकोनारी, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के चार लॉकेट, घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

ये भी पढ़ें: आठ मौतों के पीछे अंधविश्वास या कोई गहरी साजिश: शराब पार्टी के बाद क्या हुआ?

पांच लोग पहुंचे थे, गिरफ्त में आए सिर्फ दो

इस मामले में एक अहम तथ्य यह भी है कि पीड़िता के घर पहली बार पांच लोगों के पहुंचने की बात सामने आई है, जबकि पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच की स्थिति महत्वपूर्ण होगी।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts