नरहरपुर में BJP को झटका,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष 100 समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल

कांकेर: छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। कांकेर जिले के नरहरपुर में कांग्रेस के 'वोट चोर गद्दी छोड़' अभियान के दौरान भाजपा को बड़ा झटका लगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेश नेताम ने अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी नगर पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी ताकत के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए भूपेश नेताम
नरहरपुर में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेश नेताम ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। करीब 20 दिन पहले ही उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दिया था। अब दिसंबर में प्रस्तावित नगर पंचायत चुनाव से पहले उनका कांग्रेस में शामिल होना स्थानीय राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भूपेश नेताम और उनके समर्थकों को पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच सियासी हलचल तेज, मोहन भागवत से मिले BJP के दिग्गज नेता
भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार को घेरा
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने धान खरीदी, कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से युवाओं के नाम काटे जाने और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भी लोगों को न चना मिला और न ही शक्कर। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर मुद्दों को उठाने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की।
कांग्रेस के कार्यक्रम में 30 हजार की जेबकतरी
नरहरपुर में कांग्रेस के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बीच जेबकतरी की घटना ने भी सुर्खियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से कथित तौर पर 30 हजार रुपये चोरी हो गए। बताया जा रहा है कि नरहरपुर के सुरही क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरे ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।

पहले भी कांग्रेस के कार्यक्रम में कट चुकी हैं जेबें
गौरतलब है कि इससे पहले 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के कार्यक्रम के दौरान भी जेबकतरी की शिकायतें सामने आई थीं। उस दौरान कांग्रेस के एक बड़े नेता सहित कई लोगों की जेब कटने की बात कही गई थी। लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों में सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सहित 100 से अधिक लोगों का कांग्रेस में शामिल होना नरहरपुर की राजनीति में नए समीकरण बनने का संकेत माना जा रहा है। एक तरफ कांग्रेस इसे संगठन की मजबूती और भाजपा के लिए झटके के तौर पर देख रही है, वहीं दूसरी तरफ आगामी नगर पंचायत चुनाव में इस बदलाव का कितना राजनीतिक फायदा मिलेगा, यह चुनाव परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा।




















