Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'Don't Come' का मैसेज, महिला मित्र का फ्लैट और फिर छठी मंजिल से गिरकर संभव की मौत, हादसा या कुछ और?

कानपुर के बिठूर में 22 वर्षीय संभव खंडेलवाल की छठी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह अपनी महिला मित्र से मिलने रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट पहुंचा था। लड़की के परिवार ने इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बताया है, जबकि संभव के परिजनों ने मारपीट और धक्का देने का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
'Don't Come' का मैसेज, महिला मित्र का फ्लैट और फिर छठी मंजिल से गिरकर संभव की मौत, हादसा या कुछ और?
आखिरी मैसेज में लिखा था 'Don't Come', फिर छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के इकलौते बेटे की मौत

कानपुर में एक युवक अपनी महिला मित्र से मिलने उसके अपार्टमेंट पहुंचा था, लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। 22 साल के संभव खंडेलवाल का शव शनिवार को बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला। बताया जा रहा है कि वह अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरा था। लेकिन सवाल यह है कि आखिर उस फ्लैट में ऐसा क्या हुआ कि संभव की जान चली गई? मामला अब सिर्फ एक हादसे का नहीं रह गया है, क्योंकि दोनों परिवारों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं।

कौन था संभव, कैसे पहुंचा अपार्टमेंट?

संभव खंडेलवाल कानपुर के आरके नगर का रहने वाला था। वह शहर के जाने-माने कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था। उसके पिता का गुरू पेपर हाउस के नाम से कारोबार है। संभव भी पिता के काम में हाथ बंटाता था। परिवार में उसकी मां प्रीती और बहन काव्या हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे संभव अपनी कार लेकर घर से निकला था। उसने घरवालों को बताया था कि वह किसी दोस्त से मिलने जा रहा है। लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि संभव छठी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया गया है। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे।

लड़की के परिवार ने बताई हादसे की कहानी

जिस फ्लैट में संभव गया था, वह अपार्टमेंट के टावर-2 की छठी मंजिल पर है। यहां रहने वाला परिवार मेटल कारोबार से जुड़ा है। लड़की के मामा के मुताबिक, संभव और उनकी भांजी की पहले से दोस्ती थी। वह पहले भी उससे मिलने फ्लैट पर आता था। दिवाली की छुट्टियों में लड़की मुंबई से कानपुर आई हुई थी। मामा ने बताया कि घटना के समय घर में वह, उनकी भांजी और भांजा मौजूद थे। सभी लोग कॉफी पीने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान संभव और छोटा बच्चा बॉल से खेलने लगे। खेलते-खेलते गेंद बालकनी की तरफ चली गई। उसे उठाने के लिए संभव आगे बढ़ा, तभी उसका पैर वहां गिरे दिवाली के दीयों के तेल पर पड़ गया। मामा का दावा है कि पैर फिसलने से संभव का संतुलन बिगड़ा और वह बालकनी से नीचे गिर गया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

शरीर पर चोट के निशान, परिवार ने उठाए सवाल

दूसरी तरफ संभव के परिवार को इस कहानी पर भरोसा नहीं है। परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर कई जगह चोट और रगड़ के निशान थे। दाहिने पैर के अलावा कमर, पीठ और हाथ पर भी खरोंच दिखाई दीं। परिवार को शक है कि नीचे गिरने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी और उसे धक्का दिया गया। परिजनों ने मोबाइल फोन से बातचीत का डेटा डिलीट होने की बात भी कही है। उनका दावा है कि दोपहर करीब 2 बजे लड़की की तरफ से संभव को आखिरी मैसेज भेजा गया था, जिसमें 'Don't Come' लिखा था। परिवार इन बातों को घटना से जोड़कर देख रहा है।

पुलिस के सामने दो अलग-अलग दावे

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम अपार्टमेंट पहुंची। टीम ने फ्लैट और घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस के सामने दो अलग-अलग कहानियां हैं। एक तरफ लड़की के मामा इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ संभव का परिवार मारपीट और धक्का देने का शक जता रहा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल से ही साफ होगा कि संभव की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts