Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महादेव सट्टा नेटवर्क की कमाई 92 हजार करोड़ पार,ED का बड़ा खुलासा, सौरभ चंद्राकर से 7 दिन पूछताछ

10 हजार करोड़ से बढ़कर 92 हजार करोड़ तक पहुंचा अपराध की कमाई का अनुमान, कोर्ट ने ED को दी कस्टडी; पूछताछ के दौरान मारपीट पर लगाई रोक। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED ने अपराध की कमाई का अनुमान 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताया है। एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर सात दिन की कस्टडी हासिल की है। कोर्ट ने पूछताछ का समय तय करते हुए मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना पर रोक लगाई है।
महादेव सट्टा नेटवर्क की कमाई 92 हजार करोड़ पार,ED का बड़ा खुलासा, सौरभ चंद्राकर से 7 दिन पूछताछ

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक का बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप और उससे जुड़ी बेटिंग वेबसाइटों के जरिए अपराध की कमाई का अनुमान बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। शुरुआती जांच में यह आंकड़ा 10 से 11 हजार करोड़ रुपये बताया गया था। ED का दावा है कि अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल होने के बाद भी सट्टे का नेटवर्क लगातार संचालित होता रहा और इससे अवैध कमाई होती रही। 10 सितंबर 2026 तक की जांच के आधार पर ED ने अपनी पांचवीं सप्लीमेंट्री अभियोजन शिकायत में यह अनुमान पेश किया है। इसी मामले में महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने सात दिन की ED कस्टडी में भेज दिया है। कोर्ट ने पूछताछ के लिए समय निर्धारित करने के साथ स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधिकारी आरोपी के साथ किसी तरह की मारपीट या शारीरिक प्रताड़ना नहीं करेंगे।

19 नवंबर तक ED की हिरासत में सौरभ चंद्राकर

सौरभ चंद्राकर शुक्रवार को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश हुआ। वह पहले से ही CBI के मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद था। ED ने कोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसे गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी। गिरफ्तारी के कानूनी आधार और प्रक्रिया को लेकर कोर्ट में लंबी बहस हुई। इसके बाद अदालत की अनुमति मिलने पर ED ने PMLA की धारा 19(1) के तहत सौरभ को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने पूछताछ के लिए सात दिन की कस्टडी मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट के आदेश के अनुसार, सौरभ 19 नवंबर तक ED की हिरासत में रहेगा।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ही पूछताछ

कोर्ट ने ED की कस्टडी मंजूर करते हुए पूछताछ के लिए कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी तय की हैं। अदालत के निर्देशानुसार ED के अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर सकेंगे। पूछताछ के दौरान उसका वकील ऐसी जगह मौजूद रह सकेगा, जहां से वह सौरभ को देख सके। इसके अलावा वकील और परिवार के सदस्य रोजाना शाम 5 बजे से 5:30 बजे तक उससे मुलाकात कर सकेंगे। कोर्ट की सख्त हिदायत: अदालत ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट, शारीरिक प्रताड़ना या दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा।

ED का दावा- 10 हजार करोड़ से बढ़कर 92 हजार करोड़ हुई कमाई

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED ने अपने रिमांड आवेदन में अपराध से अर्जित रकम का अनुमान 92 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बताया है। एजेंसी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में जब पहली अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी, तब यह अनुमान करीब 10 से 11 हजार करोड़ रुपये था। इसके बाद जांच में कई नए बेटिंग प्लेटफॉर्म, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। इनमें Skyexchange और हरिशंकर टिबरेवाल का नाम भी शामिल है। ED का कहना है कि पहली शिकायत दाखिल होने के बाद भी बेटिंग नेटवर्क बंद नहीं हुआ और अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबार जारी रहा। इसी वजह से अपराध की कमाई का अनुमान बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। हालांकि, एजेंसी ने इन आंकड़ों को शुरुआती और अस्थायी अनुमान बताया है। आगे की जांच में वास्तविक रकम के मुताबिक इसमें बदलाव संभव है।

संबंधित खबर: Mahadev Betting App Case: CBI की 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, भोपाल-इंदौर समेत 13 शहरों में एक्शन

गिरफ्तारी के लिए ED ने कोर्ट में गिनाए ये आधार

ED ने सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रिमांड के समर्थन में अदालत के सामने कई महत्वपूर्ण तथ्य रखे हैं।

1. समन के बावजूद जांच में शामिल नहीं हुआ

ED के मुताबिक, सौरभ को 1 और 2 सितंबर 2023 को PMLA की धारा 50 के तहत समन जारी किए गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष PMLA कोर्ट ने उसके खिलाफ ओपन एंडेड गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

2. दुबई से चल रहे सट्टा पैनलों का दावा

एजेंसी ने सह-आरोपी रजत कुमार सिंह के 4 जुलाई 2025 को दर्ज बयान का हवाला दिया है। उसके मुताबिक, महादेव ऐप का नेटवर्क जारी था और दुबई से 8 से 10 पैनल संचालित किए जा रहे थे। वहीं, एक अन्य सहयोगी विशाल रमानी ने करीब 35 पैनल चलने की बात कही थी।

3. सौरभ के संपर्क में होने का दावा

ED के अनुसार, 2 जुलाई 2025 को तलाशी के दौरान रजत कुमार सिंह के मोबाइल पर लगातार एक नंबर से कॉल आ रहे थे। रजत ने कथित तौर पर बताया था कि यह नंबर सौरभ चंद्राकर का है। एजेंसी अब इस नंबर और नेटवर्क के संचालन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच करना चाहती है।

4. Skyexchange और हरिशंकर टिबरेवाल की भूमिका

जांच के दौरान ED को Skyexchange, हरिशंकर टिबरेवाल और अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े तथ्य मिले। एजेंसी का कहना है कि सट्टा नेटवर्क के विस्तार और पैसों के लेन-देन की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए सौरभ से पूछताछ जरूरी है।

5. विदेश में संपत्तियों का पता

ED ने दावा किया है कि सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों के नाम पर विदेशों में अपराध की कमाई से जुड़ी संपत्तियों का पता चला है। इनमें से कुछ संपत्तियों को एजेंसी ने पहले ही अटैच किया है।

6. विदेशी पासपोर्ट और नागरिकता का मामला

ED ने सौरभ के वानुआतु पासपोर्ट, ऑस्ट्रेलिया के वीजा आवेदन और भारतीय नागरिकता छोड़ने के दावे का भी उल्लेख किया है। एजेंसी के मुताबिक, ओमान की अदालत ने भारतीय दूतावास से प्राप्त जानकारी के आधार पर उसे भारतीय नागरिक माना था।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर ED का शिकंजा,19 नवंबर तक बढ़ा रिमांड,अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़

फ्रेंचाइजी मॉडल पर चलता था महादेव सट्टा नेटवर्क

ED ने अपने आवेदन में महादेव ऑनलाइन बुक ऐप को फ्रेंचाइजी मॉडल पर संचालित होने वाला अंतरराष्ट्रीय बेटिंग नेटवर्क बताया है। एजेंसी के मुताबिक, इसका मुख्य संचालन केंद्र दुबई में था, जहां से अलग-अलग वेबसाइटों के माध्यम से सट्टे का कारोबार चलाया जाता था। इस नेटवर्क पर क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस जैसे खेलों के अलावा Teen Patti, Poker और Dragon Tiger जैसे ऑनलाइन गेम पर भी दांव लगवाए जाते थे।

ऐसे काम करता था पैनल सिस्टम

महादेव नेटवर्क में पैनल व्यवस्था के जरिए सट्टा संचालित किया जाता था। मुख्य कार्यालय से पैनल संचालकों को आईडी और पासवर्ड दिए जाते थे। इसके बाद पैनल संचालक खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग यूजर आईडी तैयार करते थे। खिलाड़ियों को सीधे वेबसाइट पर पैसे जमा करने के बजाय वॉट्सऐप के माध्यम से बैंक खातों की जानकारी दी जाती थी। खिलाड़ी संबंधित खाते में रकम जमा कर भुगतान की रसीद भेजते थे। इसके बाद उनकी आईडी में सट्टा खेलने के लिए पॉइंट क्रेडिट किए जाते थे।

फर्जी KYC और हवाला से विदेश पहुंचता था पैसा

ED का आरोप है कि इस नेटवर्क में इस्तेमाल किए गए कई बैंक खाते दूसरे लोगों के KYC दस्तावेजों के आधार पर खोले गए थे। इन खातों में खिलाड़ियों से रकम जमा कराई जाती थी और फिर उसे तीन से चार स्तरों पर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद हवाला और दूसरे माध्यमों से रकम विदेश भेजे जाने का आरोप है। एजेंसी के मुताबिक, दुबई के अल-बरशा इलाके में कॉल सेंटर और डेटा सेंटर संचालित किए जाते थे। एक सेंटर में करीब 50 से 70 लोग काम करते थे। ED ने दावा किया है कि इस नेटवर्क से हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपये की अपराध की कमाई होती थी।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा मामले में रायपुर कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड में भेजा जेल

सौरभ चंद्राकर की शादी में 200 करोड़ खर्च करने का आरोप

ED ने अपने रिमांड आवेदन में फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी का भी उल्लेख किया है। एजेंसी का दावा है कि इस भव्य आयोजन पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे। इसमें लगभग 112 करोड़ रुपये हवाला के जरिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी तक पहुंचाए गए, जबकि करीब 42 करोड़ रुपये होटल बुकिंग के लिए नकद AED में दिए गए। ED ने शादी में निजी विमानों के इस्तेमाल, सेलिब्रिटी की मौजूदगी और मेहमानों के यात्रा एवं ठहरने पर हुए खर्च का भी जिक्र किया है।

अब सौरभ से खुलवाएगी ED पैसों का पूरा नेटवर्क

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED की जांच अब सौरभ चंद्राकर से पूछताछ पर केंद्रित है। एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि बेटिंग नेटवर्क से अर्जित रकम किन-किन लोगों तक पहुंची, विदेशों में संपत्तियां कैसे खरीदी गईं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग का पूरा नेटवर्क किस तरह संचालित हुआ।  92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित अपराध की कमाई के अनुमान ने इस मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब ED की सात दिन की पूछताछ में इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े कई और राज सामने आने की संभावना है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts