Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जांजगीर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, महिला से मारपीट कर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

छत के रास्ते घर में घुसे दो आरोपी, अकेली महिला को बनाया निशाना,सोने-चांदी के जेवर और 8 हजार रुपये नकद लेकर भागे, CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।आरोपी अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
जांजगीर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, महिला से मारपीट कर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

रायपुर/ जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से मारपीट और लाखों रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाया। आरोपियों ने मारपीट कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

छत के रास्ते घर में घुसे दो बदमाश

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला घर में अकेली थी। उसके पति स्कूल गए हुए थे, जबकि सास-ससुर किसी काम से बिलासपुर गए थे। इसी दौरान महिला को छत पर किसी के चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर महिला बाहर पहुंची तो वहां गमछे से चेहरे ढके दो अज्ञात युवक दिखाई दिए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और जबरन कमरे के अंदर ले गए।

संबंधित खबर: भिलाई में चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से मारपीट, CCTV में कैद हुई कथित यूट्यूबर की हरकत

चाबी नहीं मिली तो महिला से की मारपीट

आरोप है कि बदमाशों ने महिला से अलमारी की चाबी मांगी। महिला ने चाबी नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में तलाश की, जहां उन्हें अलमारी की चाबी मिल गई। अलमारी खुलते ही आरोपियों ने उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

10 लाख के जेवर लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता के मुताबिक, लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज में तलाशे जा रहे बदमाशों के सुराग

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूकेलैंड यॉर्क ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़िता द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।

संबंधित खबर: वर्दी में दिखा हैरान करने वाला बर्ताव! महिला से मारपीट और बाल पकड़कर घसीटने का वीडियो VIRAL

दिनदहाड़े लूट से इलाके में दहशत

रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से मारपीट और करीब 10 लाख रुपये की लूट की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटे गए जेवरात बरामद करना है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts