
स्पोर्ट्स डेस्क। साउथ अफ्रीका के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 33 वर्षीय क्लासेन ने यह जानकारी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर दी, जिसमें उन्होंने अपने करियर, संघर्ष और फैसले के पीछे की वजहों को भी साझा किया।
क्लासेन पहले ही जनवरी 2024 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके थे, लेकिन अब उन्होंने वनडे और टी-20 इंटरनेशनल फॉर्मेट से भी दूरी बना ली है। यह फैसला ऐसे वक्त में आया है जब क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अप्रैल 2025 में उन्हें अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल नहीं किया था, जिससे संकेत पहले ही मिल रहे थे कि क्लासेन का अंतरराष्ट्रीय करियर अंतिम दौर में है। 2 जून को ही ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने भी वनडे इंटरनेशनल को अलविदा कह दिया।
रिटायरमेंट पोस्ट में जताया आभार और भावुकता
हेनरिक क्लासेन ने अपनी पोस्ट में लिखा- “यह मेरे लिए एक दुखद दिन है। मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट से खुद को अलग करने का फैसला किया है। यह निर्णय लेना आसान नहीं था, लेकिन अपने और अपने परिवार के भविष्य को देखते हुए यह सबसे अच्छा विकल्प है।”
उन्होंने आगे कहा- “अपने देश के लिए खेलना मेरे बचपन का सपना था, जिसे मैंने पूरी लगन से पूरा किया। क्रिकेट ने मुझे जीवन में महान लोगों से मिलवाया, दोस्त बनाए और मुझे वो मंच दिया जिस पर मैं गर्व करता हूं।” क्लासेन ने यह भी कहा कि अब वे अपने परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिताने को लेकर उत्साहित हैं और हमेशा प्रोटियाज टीम के सबसे बड़े फैन बने रहेंगे।
ऐसा रहा हेनरिक क्लासेन का इंटरनेशनल करियर
फॉर्मेट | मैच | रन | औसत | स्ट्राइक रेट | शतक/अर्धशतक |
---|---|---|---|---|---|
टेस्ट | 4 | 104 | 13.00 | — | 0/0 |
वनडे | 60 | 2141 | 43.69 | 117.05 | 4/11 |
टी20I | 58 | 1000 | 23.25 | 141.84 | 0/5 |
दाएं हाथ के बैटर हेनिरक क्लासेन ने अपना ओडीआई और टी20I डेब्यू फरवरी 2018 में भारत के खिलाफ किया। जबकि टेस्ट डेब्यू भी 2019 में रांची में भारत के ही खिलाफ हुआ था। वे एक पावर-हिटर विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर जाने जाते रहे हैं, जो मिडल ऑर्डर को मजबूती देने में माहिर थे।
IPL 2025 में SRH के लिए दमदार प्रदर्शन
हेनरिक क्लासेन ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 मैचों में 487 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 44.27 और स्ट्राइक रेट शानदार रहा। 25 मई 2025 को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर शतक ठोका, जो IPL इतिहास के सबसे तेज़ शतकों में शुमार किया जा रहा है। क्लासेन का यह प्रदर्शन यह दर्शाता है कि वे अभी भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में एक ताकतवर खिलाड़ी बने रहेंगे।
मैक्सवेल ने भी लिया वनडे से संन्यास
दिलचस्प बात यह है कि 2 जून 2025 (सोमवार) को ही ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने भी वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने का ऐलान किया। दोनों खिलाड़ियों का एक ही दिन इस तरह के फैसले लेना क्रिकेट जगत में एक युग के अंत जैसा प्रतीत होता है।
ये भी पढ़ें- Glenn Maxwell ODI Retirement : ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, 13 साल के शानदार करियर पर लगाया विराम