मंदसौर/ भोपाल। अफीम तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकडेÞ जाने के बाद मंदसौर जेल में बीते दस महीने से बंद आरोपी की सोमवार को मंदसौर जिला अस्पताल में मौत हो गई। आरोपी को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सुबह 9:40 बजे भर्ती कराया गया था, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान 12:40 बजे मौत हो गई। अब मामले की न्यायिक जांच के अलावा मानव अधिकार आयोग भी जांच करेगा।
ज्ञात हो कि मृतक आरोपी विमल पिता मदन पाटीदार (उम्र 33 वर्ष), निवासी बालागुड़ा, जिला मंदसौर को बीते मार्च 2025 में सेंट्रल ब्यूरो आॅफ नारकोटिक्स की टीम ने 5 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके बाद 11 मार्च 2025 से मंदसौर जेल में ही बंद था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी को जेल में अचानक तबियत बिगड़ने पर सीने में दर्द (चेस्ट पेन) की शिकायत हुई। इसके बाद उसे मंदसौर जिला चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर वह स्वयं चलकर अस्पताल के भीतर आया था।
डॉक्टर के अनुसार-बीपी हाई था, फिर कार्डियक अरेस्ट
जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. दिव्यांशी गौर ने बताया कि जब पेशेंट अस्पताल पहुंचा, उस समय उसका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था और वह लगातार चेस्ट पेन की शिकायत कर रहा था। तत्काल उपलब्ध सभी जरूरी और बेहतर उपचार उसे दिए गए। हालांकि, कुछ ही समय बाद उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। इलाज के दौरान ही उसे कार्डियो अरेस्ट आया। मेडिकल टीम द्वारा तत्काल सीपीआर दिया गया, साथ ही उसे वेंटिलेटर पर भी शिफ्ट किया गया। करीब एक घंटे तक डॉक्टरों ने जान बचाने के लिए प्रयास किए, लेकिन सभी कोशिशों के बावजूद दोपहर में उसकी मौत हो गई।
अपने मां-बाप की इकलौती संतान था मृतक
परिजनों द्वारा बताया गया है कि मृतक अविवाहित था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत के बाद माता-पिता अकेले रह गए हैं, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। मृतक विमल के शव को पोस्टमार्टम के के बाद परिजन को सौंप दिया गया।
मृतक कैदी ब्लड प्रेशर की गोली ले रहा था
जेल अधीक्षक प्रेम कुमार सिंह के अनुसार कैदी विमल लगातार ब्लड प्रेशर की गोली ले रहा था, और उसे इसके पहले भी इलाज के लिए तीन बार अस्पताल ले जाया गया है। पहली बार 18 सितम्बर 2025 को विमल को अस्पताल भेजा गया था। हाल ही में उसका ईको भी कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट नॉर्मल आई थी। आज सुबह जब विमल को सीने में फिर से दर्द की शिकायत हुई तो हमने तत्काल अस्पताल भेजा। जहां उसकी मौत हो गई।
राजस्थान में भी चल रहा है तस्करी का केस
मृतक कैदी विमल पाटीदार के खिलाफ राजस्थान के प्रतापगढ़ में भी अफीम तस्करी का केस दर्ज है। इस मामले में कोर्ट में पेशी के लिए कई बार प्रतापगढ़ पुलिस के समंस पर आरोपी विमल को मंदसौर से भेजा गया था।