Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लॉर्ड्स टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड पर जुर्माना, WTC अंक भी कटे और खिलाड़ियों की मैच फीस का 10% फाइन भी लगाया भारत चौथे स्थान पर पहुंचा

लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बावजूद ICC की कार्रवाई, तीसरे स्थान पर खिसका इंग्लैंड, कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी गलती स्वीकारी
लॉर्ड्स टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड पर जुर्माना, WTC अंक भी कटे और खिलाड़ियों की मैच फीस का 10% फाइन भी लगाया  भारत चौथे स्थान पर पहुंचा
लॉर्ड्स टेस्ट
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

     स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच में 22 रन से जीत दर्ज करने के बावजूद इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने धीमी ओवर गति के कारण इंग्लैंड टीम के 2 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक काट लिए हैं और खिलाड़ियों की मैच फीस का 10% जुर्माना भी लगाया है। इस कार्रवाई के बाद इंग्लैंड WTC की अंक तालिका में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

    मैच रेफरी रिची रिचर्डसन की रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड ने निर्धारित समय से दो ओवर कम फेंके थे। कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिससे औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

    ICC के नियम और जुर्माना का आधार

    ICC के WTC नियमों के अनुसार यदि कोई टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करती है, तो प्रत्येक ओवर के लिए 1 अंक और 5% मैच फीस का जुर्माना लगाया जाता है। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने दो ओवर कम डाले, जिसके चलते 2 अंक काटे गए और 10% मैच फीस जुर्माने के रूप में देनी होगी।

    इस निर्णय के बाद इंग्लैंड के अब 24 की बजाय 22 अंक रह गए हैं और उनका जीत प्रतिशत (PCT) 66.67% से घटकर 61.11% हो गया है। अब WTC की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले, श्रीलंका दूसरे, इंग्लैंड तीसरे और भारत चौथे स्थान पर है।

    भारत हार के करीब जाकर टूटा

    लॉर्ड्स टेस्ट का पांचवां दिन बेहद रोमांचक रहा। भारत को जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम सिर्फ 170 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और क्रिस वोक्स ने पहले सत्र में भारत की टॉप और मिडिल ऑर्डर को तोड़कर दबाव बना दिया।

    Breaking News

    इसके बाद रवींद्र जडेजा ने एक छोर संभालते हुए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कीं और अर्धशतक भी जड़ा। लेकिन आखिरी सत्र में जब जीत की हल्की उम्मीदें बाकी थीं, तब इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर शोएब बशीर ने सिराज को बोल्ड कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

    शोएब बशीर सीरीज से बाहर 

    मैच के हीरो रहे शोएब बशीर इस टेस्ट के बाद सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब लियाम डॉसन को इंग्लैंड टीम में शामिल किया गया है। बशीर ने मैच के आखिरी ओवरों में भारत के खिलाफ निर्णायक विकेट लिया, जिससे इंग्लैंड को सीरीज में 2-1 की बढ़त मिली।

    बेन स्टोक्स ने स्वीकारी गलती

    इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने धीमी ओवर गति की गलती को स्वीकार कर ICC के निर्देश का पालन किया। बावजूद इसके, WTC जैसे बड़े टूर्नामेंट में हर अंक की कीमत होती है, और इस कार्रवाई से इंग्लैंड को नुकसान हुआ है।

    23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथा टेस्ट

    अब भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। भारत अब सीरीज में वापसी करना चाहेगा, जबकि इंग्लैंड अपनी बढ़त को निर्णायक बनाकर ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts