Aakash Waghmare
1 Feb 2026
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय यूथ टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम ने अहम मुकाबले में पाकिस्तान को 58 रन से मात दी। यह मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलवायो में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 252 रन बनाए। टीम की ओर से वेदांत त्रिवेदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन की अहम पारी खेली, जिससे भारत विशाल स्कोर तक पहुंच सका।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 33.3 ओवर में 253 रन का लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी टीम टिक नहीं सकी। पाकिस्तान की पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला।
भारत की गेंदबाजी में कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलन पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली और खिताब की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाया।
पाकिस्तान के न्यौते पर बैटिंग करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी रही लेकिन टीम ने 47 रनों के अंदर 2 विकेट गंवा दिए। जबकि भारतीय पारी में वेदांत त्रिवेदी ने 68 रन की अहम पारी खेलते हुए टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वैभव सूर्यवंशी 22 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल सके।
मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद आखिरी ओवरों में कनिष्क चौहान और खिलन पटेल ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने मिलकर अहम फिफ्टी पार्टनरशिप की, जिसकी बदौलत भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंच सका। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल सुभान सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सय्याम ने 2 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में रखा।