Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सुकमा में CRPF जवान ने की खुदकुशी, ड्यूटी के दौरान खुद को मारी गोली, मेट्टागुड़ा में हथियारों का जखीरा बरामद

सुकमा में CRPF जवान ने की खुदकुशी, ड्यूटी के दौरान खुद को मारी गोली, मेट्टागुड़ा में हथियारों का जखीरा बरामद
फाइल फोटो।
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से शनिवार को दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। पहली घटना में बिहार के रहने वाले सीआरपीएफ के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुदकुशी कर ली। वहीं, दूसरी घटना में सुरक्षा बलों ने मेट्टागुड़ा इलाके से भारी मात्रा में नक्सलियों का छुपाया हुआ हथियार और विस्फोटक बरामद किया।

    हाल ही में छुट्टी से लौटकर आया था जवान

    पहली घटना जिले के मिनपा गांव स्थित सीआरपीएफ की दूसरी बटालियन के शिविर की है। यहां आरक्षक शशि भूषण कुमार (31 वर्ष) ने संतरी की ड्यूटी के दौरान अपनी लाइट मशीन गन (LMG) से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद साथी जवान तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शशि भूषण कुमार बिहार के गया जिले के रहने वाले थे और हाल ही में छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आए थे। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।

    पैतृक गांव भेजा पार्थिव शरीर 

    पोस्टमॉर्टम के बाद जवान के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में विधानसभा के मानसून सत्र में राज्य सरकार ने जानकारी दी थी कि पिछले साढ़े 6 साल में छत्तीसगढ़ में 177 सुरक्षाकर्मियों ने आत्महत्या की है, जिनके पीछे पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याएं, शराब की लत और बीमारियां जैसी वजहें सामने आईं।

    Uploaded media

    मेट्टागुड़ा इलाके में चला सर्च ऑपरेशन

    दूसरी घटना जिले के मेट्टागुड़ा क्षेत्र की है। यहां सीआरपीएफ और जिला बल की संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान चलाया। यह अभियान बोटेलंका, ईरापल्ली, कोईमेंटा पहाड़ी, दारेली और आसपास के इलाकों में संचालित किया गया। इस दौरान कोईमेंटा पहाड़ी के पास नक्सलियों के छुपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। बताया गया कि नक्सली इन्हें सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जंगल में छुपाकर रखे थे।

    हथियारों व विस्फोटकों का बड़ा जखीरा मिला

    बरामद हथियारों और सामग्रियों में एक कंट्रीमेड रायफल, एक बीजीएल लांचर, एक बीजीएल लांचर बैरल, यूएवी नेत्रा का टूटा प्रोपेलर, वेल्डिंग उपकरण, लोहे की छड़ें, स्टील पाइप, बेंच वाइस, आयरन क्लैंप्स, ग्राउंड सपोर्टर, काला वर्दी, एम्युनेशन पोच, टूटी हुई इन्वर्टर बैटरी कैसिंग, इलेक्ट्रिक वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने बरामद हथियार और सामग्रियों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts