Surajpur:छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ का पुल बारिश में बहा, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

रायपुर/सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भारी बारिश ने करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल की निर्माण गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। प्रतापपुर विकासखंड के धोंधा गांव में नदी पर बना करीब 10 करोड़ रुपये की लागत का पुल बारिश के बाद बह गया। सुबह ग्रामीणों ने जब पुल की स्थिति देखी तो कई हिस्से नदी में समाए नजर आए। ग्रामीणों ने पुल निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
करोड़ों का पुल नदी में समाया
प्रतापपुर विकासखंड के धोंधा गांव में नदी पर बनाया गया पुल लगातार हुई भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त होकर बह गया। बताया जा रहा है कि पुल निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद रातभर नदी का जलस्तर बढ़ता रहा। शुक्रवार सुबह पुल का बड़ा हिस्सा नदी की तेज धार में बह चुका था।

Raipur: बंगाल की खाड़ी में तूफानी सिस्टम हुआ मजबूत,छत्तीसगढ़ समेत 3 राज्यों में रेड अलर्ट
पिलर उखड़े, स्लैब भी पानी में
ग्रामीणों के मुताबिक पुल की हालत देखकर निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर कहीं पुल के पिलर उखड़े दिखाई दिए तो कहीं स्लैब पानी में समाई नजर आई। पुल का लंबा हिस्सा नदी की धार में बह गया। इससे गांव के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
निर्माण के वक्त से उठ रहे थे सवाल
ग्रामीणों का दावा है कि पुल निर्माण के दौरान ही इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। पुल के कुछ हिस्सों में पहले से दरारें दिखाई देने की बात भी सामने आई है। अब बारिश के बाद पुल के बह जाने से ग्रामीणों के आरोप और गंभीर हो गए हैं।
घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुल बनाने में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया। उनका कहना है कि यदि निर्माण गुणवत्तापूर्ण होता तो इतनी कम अवधि में पुल इस तरह नदी की धार में नहीं बहता। ग्रामीण पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन की निगरानी पर भी सवाल
पुल के बहने के बाद निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए पुल के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करता है या नहीं।

Janjgir Champa: HPCL के नाम पर डुप्लीकेट तेल का खेल,3 दुकानों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त
ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
पुल धोंधा गांव के लोगों के लिए आवाजाही का महत्वपूर्ण साधन था। पुल के बह जाने के बाद ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। बारिश के बीच नदी का बहाव तेज होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।












