रायपुर में शिक्षा मंत्री के बंगले पर फिर हंगामा, 2300 पदों के लिए अभ्यर्थियों का प्रदर्शन,पुलिस ने गाड़ी में बैठाया

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिया। सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर प्रदर्शन किया। 11 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग लेकर मंत्री के बंगले पहुंचे हैं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।
11 दिन में दूसरी बार मंत्री बंगले का घेराव
डीएड अभ्यर्थियों ने इससे पहले 5 नवंबर को भी शिक्षा मंत्री के बंगले में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया था। अब सोमवार को एक बार फिर अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के बाहर जुटे और नियुक्ति की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए प्रदर्शन के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस गाड़ी में बैठाकर मौके से ले जाया गया।

11 महीने से नियुक्ति का इंतजार, अब बढ़ा आक्रोश
सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार सरकार और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद भी उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि लंबे इंतजार के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। इसी नाराजगी के चलते अब उन्होंने दोबारा शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव किया है।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों का दे रहे हवाला
यह पूरा विवाद वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा हुआ है। डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्तियां निरस्त होने के बाद रिक्त हुए पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलनी चाहिए थी। अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए सरकार से उनका पालन कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेशों के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने से सैकड़ों अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कैंडल मार्च, मौन धरना और दंडवत यात्रा भी बेअसर
नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थी अब तक कई तरह से विरोध दर्ज करा चुके हैं। इनमें कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन शामिल हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर अब आंदोलन का रुख और तेज होता दिखाई दे रहा है।
2300 पदों पर नियुक्ति, सरकार से समय-सीमा घोषित करने की मांग
डीएड अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष 2300 रिक्त पदों पर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की है। इसके साथ ही वे नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए सरकार से स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि 11 महीने से आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों की मांग पर सरकार कब तक फैसला लेती है और 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर अगला कदम क्या होता है?




















