बालाघाट में दर्दनाक सड़क हादसा, मंडई देखकर लौट रहे दो दोस्तों की मौत; तीसरा घायल

बालाघाट। मंडई में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की यात्रा सोमवार अलसुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। वारासिवनी थाना क्षेत्र में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
रात में मंडई देखने निकले थे तीनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, शेरपार निवासी राज पिता टेकचंद नागोसे (18), निकुंज पिता ओमप्रकाश बघेले (19) और अनिल पिता शंकर भगत (18) रविवार रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से डोरली की मंडई देखने निकले थे। तीनों ने वहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा और देर रात अपने गांव के लिए वापस रवाना हुए। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच रास्ते में अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सड़क पर पलटने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले एक की मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और परिचित मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही राज नागोसे ने दम तोड़ दिया। वहीं, निकुंज बघेले की उपचार के दौरान मौत हो गई। तीसरे युवक अनिल भगत को भी चोटें आई हैं। उसकी हाथ की एक उंगली टूट गई है और शरीर में अंदरूनी चोटें भी बताई गई हैं। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
राज कर रहा था ITI की पढ़ाई, दो दोस्त मजदूरी करते थे
परिचित तनु राहंगडाले ने बताया कि तीनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे। राज ITI की पढ़ाई कर रहा था जबकि निकुंज और अनिल मजदूरी करके अपने परिवार का सहयोग करते थे। कम उम्र में दो दोस्तों की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।
बालाघाट में एयर होस्टेस की संदिग्ध मौत, दोस्त के साथ घूमने गई थी
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
सोमवार को अस्पताल चौकी पुलिस को चिकित्सक से घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर लिया है। अब हादसे की जांच संबंधित थाना पुलिस करेगी।




















