Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

EOW-ACB ने पटवारी-RI पेपर लीक मामले में दिल्ली से 2 आरोपी को किया गिरफ्तार, 8 दिन की रिमांड

छत्तीसगढ़ पटवारी-आरआई पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में EOW-ACB ने दिल्ली से वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव को गिरफ्तार किया है। दोनों मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं। पहचान परेड में पटवारियों ने उनकी पहचान की। रायपुर की विशेष अदालत ने 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड मंजूर,परीक्षा से पहले ही बिक गया था सरकारी पेपर! EOW ने भिंड के दो आरोपियों को दबोचा, पहचान परेड में पटवारियों ने खोली पोल।
 EOW-ACB  ने पटवारी-RI पेपर लीक मामले में दिल्ली से 2 आरोपी को किया गिरफ्तार, 8 दिन की रिमांड

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में EOW-ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली में दबिश देकर मध्यप्रदेश के भिंड जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर परीक्षा से पहले गोपनीय प्रश्नपत्र लीक करने, अभ्यर्थियों तक पहुंचाने और इसके बदले मोटी रकम वसूलने का आरोप है। रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों को 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब जांच एजेंसी पेपर लीक के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।



पेपर लीक मामले में दो गिरफ्तार, दिल्ली में दी दबिश

EOW-ACB की टीम ने इस मामले में मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घना की गड़िया निवासी वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 16 नवंबर 2026 को रायपुर स्थित विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर रखने का आदेश दिया।

ये भी पढ़ें: Raipur: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक, प्रोफेसर ही निकला मास्टरमाइंड, 6 गिरफ्तार

परीक्षा से पहले लीक हुआ था गोपनीय प्रश्नपत्र

जांच के मुताबिक, 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन परीक्षा आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा किया गया था। इस परीक्षा के परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। बाद में परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्चस्तरीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरे मामले की जांच EOW-ACB को सौंपी थी। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के तथ्य सामने आने के बाद अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

प्रश्नपत्र छापने वाली समिति से जुड़े आरोपी के साथ साजिश

EOW की जांच में आरोप है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी। आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचाया। इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूले जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

ये भी पढ़ें: Bilaspur: CGPSC पेपर लीक केस: पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, जमानत खारिज

पहचान परेड में पटवारियों ने आरोपियों को पहचाना

इस मामले में 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई गई थी। पहचान परेड के दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने दोनों की पहचान ऐसे व्यक्तियों के रूप में की, जिन पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक पेपर से तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और अवैध वसूली में शामिल होने का आरोप है। EOW के मुताबिक, आरोपियों की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।

भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी समेत इन धाराओं में केस

मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक मामले पर CBI की फाइनल चार्जशीट जल्द, NTA या सरकारी अधिकारी आरोपी नहीं; 13 गिरफ्तार  

8 दिन की रिमांड में खुलेगा पेपर लीक नेटवर्क?

दोनों आरोपियों से EOW-ACB की पूछताछ जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश में और कौन-कौन शामिल था। इसके अलावा अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने का तरीका, कथित अवैध वसूली की रकम और पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts