Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर: चलती कार में बैंक के चीफ मैनेजर को आया अटैक, बेकाबू गाड़ी ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर

ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार दोपहर चलती कार में यूनियन बैंक के चीफ मैनेजर गिर्राज किशोर बघेल को अचानक अटैक आ गया। उनका पैर एक्सीलेटर पर दबा रह जाने से कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार, बाइक और स्कूटी से टकरा गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें सीपीआर देकर अस्पताल पहुंचाया।
ग्वालियर: चलती कार में बैंक के चीफ मैनेजर को आया अटैक, बेकाबू गाड़ी ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर
ग्वालियर। यूनियन बैंक केे चीफ मैनेजर को कार में हार्ट अटैक आने पर बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी।

ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनियन बैंक के चीफ मैनेजर को चलती कार में अचानक अटैक आ गया। कार चला रहे चीफ मैनेजर का पैर एक्सीलेटर पर दबा रह गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार, बाइक और स्कूटी से जा टकराई। लगातार हुई टक्करों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कार के अंदर बैंक मैनेजर बेहोशी की हालत में मिले। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल उन्हें सीपीआर दिया और किसी तरह कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका कैलाश विहार स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के बिजली घर के पास की बताई गई है।

बैंक से निकलने के कुछ देर बाद ही बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, यूनियन बैंक में चीफ मैनेजर के पद पर पदस्थ गिर्राज किशोर बघेल, निवासी न्यू सिटी सेंटर, सोमवार दोपहर 3 बजे के करीब सिटी सेंटर स्थित बैंक से अपनी स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी07 सीके 1378 में सवार होकर निकले थे। बताया जा रहा है कि बैंक से निकलने के कुछ ही देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अटैक आ गया। इस दौरान कार पर उनका नियंत्रण नहीं रहा और पैर एक्सीलेटर पर दबा होने के कारण कार की रफ्तार बढ़ गई। इसके बाद बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से एक के बाद एक टकराती चली गई। इस हादसे में एक टाटा नेक्सोन, एक बाइक और एक स्कूटी सहित अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

टक्कर की आवाज सुनकर दौड़े लोग, दिया सीपीआर 

अचानक हुई दुर्घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कार के भीतर चालक बेहोश पड़ा हुआ है। लोगों ने बिना देर किए उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मौके पर ही सीपीआर दिया गया, ताकि उन्हें तत्काल मदद मिल सके। इसके बाद उन्हें कार से बाहर निकालकर कैलाश विहार स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: अंडर 19 एशिया कप विनिंग टीम का ये है मप्र कनेक्शन, ग्वालियर-मुरैना में क्रिकेट का हुनर सीखकर चमके हैं मनल और यशवर्धन

सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजन और बैंककर्मी

घटना की जानकारी मिलते ही बैंककर्मियों और परिजनों में चिंता फैल गई। सूचना मिलने के बाद परिजन और बैंक के अन्य कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह बैंक मैनेजर की अचानक बिगड़ी तबीयत बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लंच करके निकले थे मैनेजर 

मामले में जब पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो पता चला कि मुख्य प्रबंधक बैंक से लंच करने के बाद कार से विजिट पर निकले थे। बाद में वह जैसे ही कार में सवार हुए तो उसी समय उन्हें अटैक आ गया। वह तो गनीमत रही कि कार आसपास के वाहनों से टकरा कर रुक गई। जिसके बाद लोगों की सतर्कता से उनकी जान बचाई गई।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में ऑक्सीजन टैंकर में भीषण विस्फोट, धमाके से ट्रक के उड़े परखच्चे; दहशत में घरों से भागे लोग

बैंक मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

इस बारे में यूनिवर्सिटी टीआई रविंद्र सिंह जाटव ने कहा कि चलती कार में बैंक मैनेजर को अटैक आया, जिनकी गाड़ी बेकाबू होकर अन्य वाहनों में जा टकराई है, फिलहाल मैनेजर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts