सोहागपुर के जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में MBA विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया शुरू, 60 छात्रों ने दिए इंटरव्यू
सोहागपुर। स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय में MBA व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में सोमवार को महाविद्यालय परिसर में चार कंपनियों के प्रतिनिधि प्लेसमेंट प्रक्रिया के लिए पहुंचे। इस दौरान MBA के करीब 60 विद्यार्थियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिए।
बैंकिंग से लेकर IT और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र तक मिले अवसर
MBA पाठ्यक्रम के प्रभारी डॉ. राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत प्रोफाइल के आधार पर कंपनियों के HR प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान बैंकिंग संचालन एवं सेवाएं, IT सेवाएं, वेब डेवलपर, लॉजिस्टिक्स संचालन, बैकएंड सेवाएं और टेली-कॉलर सेवाओं से जुड़े पदों के लिए विद्यार्थियों का आकलन किया गया। साक्षात्कार के बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों ने चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजने का आश्वासन दिया। महाविद्यालय में प्लेसमेंट प्रक्रिया की शुरुआत को विद्यार्थियों के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने की कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात
इस अवसर पर प्लेसमेंट कंपनियों के HR प्रतिनिधियों से शिक्षा समिति के सचिव हमीर सिंह चंदेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अभिलाष सिंह चंदेल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन.के. नीखरा और सहायक प्राध्यापक राजेश शुक्ला ने मुलाकात की। महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
सोहागपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस-आबकारी विभाग की कार्रवाई, 4 महिलाओं पर केस दर्ज
स्थानीय विद्यार्थियों के लिए रोजगार का मंच
महाविद्यालय प्रबंधन की इस पहल से MBA विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही रोजगार के अवसरों से जुड़ने का मंच मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर प्लेसमेंट प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे उन्हें विभिन्न कंपनियों में अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार पाने का अवसर मिल सकेगा।






















