महासमुंद जेल से फिल्मी अंदाज में 4 कैदी हुए फरार, पांचवां दीवार से गिरा तो पकड़ा गया

रायपुर/महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सोमवार तड़के बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। यहां पांच कैदियों ने जेल से भागने की योजना बनाई और कंबलों को आपस में बांधकर ऊंची दीवार फांदने का रास्ता बनाया। इस दौरान चार कैदी फरार होने में कामयाब रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार से नीचे गिर गया और जेल प्रशासन ने उसे पकड़ लिया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
कंबल बने भागने का रास्ता, जेल की सुरक्षा धरी रह गई
सोमवार सुबह करीब 4 बजे महासमुंद जिला जेल में बंद कैदियों ने फरार होने की योजना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पांच बंदियों ने जेल में मिलने वाले कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी जैसा बनाया और उसके सहारे ऊंची दीवार तक पहुंचे। इसके बाद एक-एक कर दीवार पार करने लगे। इस दौरान चार कैदी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं पांचवां कैदी दीवार फांदने के प्रयास में नीचे गिर गया। जेल प्रहरियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

संबंधित खबर: रायपुर सेंट्रल जेल में कैदियों ने लगाए वसूली-मारपीट के गंभीर आरोप, चोट के निशान दिखाए ,VIDEO वायरल,
तीन गांजा तस्कर और एक चोर फरार
जेल से फरार हुए चार बंदियों में तीन NDPS एक्ट के तहत गांजा तस्करी के मामलों में विचाराधीन थे, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था।
फरार बंदियों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं:
धरमवीर: गांजा तस्करी का आरोपी।
लीलाधर: गांजा तस्करी का आरोपी।
राजेन्द्र: गांजा तस्करी का आरोपी।
पंचराम: चोरी के मामले में बंद।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार आरोपियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी है। पुलिस फरार बंदियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
संबंधित खबर: CG News: जगदलपुर सेंट्रल जेल में फिर कैदी की मौत, 10 दिनों में तीसरी घटना से उठे गंभीर सवाल
एडिशनल एसपी ने की घटना की पुष्टि
जेल से चार कैदियों के फरार होने की घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है। घटना सामने आने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गए हैं। फरार बंदियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है। वहीं जेल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
2021 में भी फरार हुए थे पांच कैदी
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी जेल की ऊंची दीवार फांदकर पांच कैदी फरार हो गए थे। उस घटना में गाजीपुर, उत्तर प्रदेश और महासमुंद के स्थानीय कैदी शामिल थे। उस समय सुरक्षा में लापरवाही सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने मुख्य प्रहरी सहित चार प्रहरियों को निलंबित किया था। अब एक बार फिर उसी जेल से कैदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

संबंधित खबर: Bilaspur News: बिलासपुर सेंट्रल जेल मौत मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, डीजीपी और गृह सचिव 4 अगस्त को तलब
जेल की सुरक्षा पर फिर बड़ा सवाल
एक बार फिर कंबल के सहारे जेल की ऊंची दीवार पार कर चार बंदियों का फरार होना सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर पांच कैदियों ने भागने की योजना कैसे बनाई? जेल की निगरानी व्यवस्था को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? अब इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।




















