CGPSC का बड़ा फैसला,वेटिंग लिस्ट पर सिर्फ 3 महीने का मौका, नई भर्ती सूची आते ही पुरानी होगी रद्द

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने चयन सूची को लेकर महत्वपूर्ण नियम लागू किया है। नए प्रावधान के तहत संशोधित चयन सूची (Revised List) और अनुपूरक यानी वेटिंग लिस्ट (Supplementary List) की वैधता अधिकतम तीन महीने निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि इसी अवधि में उसी पद के लिए नई चयन सूची जारी होने पर पुरानी सूची की वैधता पहले ही समाप्त हो जाएगी। इससे नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब ज्यादा सतर्क रहना होगा।
3 महीने बाद अपने आप खत्म होगी वेटिंग लिस्ट
CGPSC के नए नियम के मुताबिक संशोधित चयन सूची और अनुपूरक सूची जारी होने की तारीख से अधिकतम तीन महीने तक ही प्रभावी रहेगी। निर्धारित अवधि पूरी होते ही सूची की वैधता स्वतः समाप्त हो जाएगी। पहले चयन सूची और वेटिंग लिस्ट की वैधता को लेकर स्पष्ट समयसीमा नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थियों को लंबे समय तक नियुक्ति का इंतजार करना पड़ता था। कई मामलों में विभागीय प्रक्रिया में देरी के चलते भर्तियां भी प्रभावित होती थीं। अब आयोग ने इस व्यवस्था में समयसीमा तय कर दी है।
नई सूची जारी हुई तो उसी दिन पुरानी लिस्ट खत्म
नए नियम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि तीन महीने की अवधि पूरी होने का इंतजार जरूरी नहीं होगा। यदि इसी बीच उसी पद के लिए नई चयन सूची जारी कर दी जाती है, तो पुरानी अनुपूरक सूची उसी दिन से अमान्य हो जाएगी।
उदाहरण :
1 दिसंबर को किसी भर्ती की वेटिंग लिस्ट जारी हुई।
15 जनवरी को उसी पद के लिए नई चयन सूची जारी हो गई।
ऐसी स्थिति में पुरानी वेटिंग लिस्ट 15 जनवरी से ही अमान्य हो जाएगी। यानी अभ्यर्थियों को केवल तीन महीने की समयसीमा ही नहीं, बल्कि आयोग की ओर से जारी होने वाली नई चयन सूचियों पर भी नजर रखनी होगी।
छग में शिक्षक भर्ती के बाद SI-सूबेदार मुख्य परीक्षा भी टली, 7,301 अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता
कोर्ट के आदेश पर बनी सूची भी नियम के दायरे में
कई बार भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी या चयन संबंधी विवाद को लेकर अभ्यर्थी न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हैं। न्यायालय के निर्देश पर आयोग को संशोधित चयन सूची जारी करनी पड़ सकती है। नए प्रावधान के अनुसार ऐसी संशोधित सूची पर भी तीन महीने की समयसीमा लागू होगी। हालांकि, यदि न्यायालय ने अपने आदेश में कोई विशेष निर्देश दिया है, तो उसके अनुरूप स्थिति देखी जाएगी।
सभी पद भरने के बाद भी समयसीमा रहेगी लागू
आयोग के नए प्रावधान में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पद रिक्त हों या सभी पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हों, सूची की निर्धारित वैधता में बदलाव नहीं होगा। यानी पद खाली रहने के आधार पर अनुपूरक सूची की अवधि अपने आप नहीं बढ़ेगी। इससे भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता कम करने और चयन सूची को लंबे समय तक लंबित रखने की स्थिति पर रोक लगाने का प्रयास किया गया है।
CGPSC भर्ती परीक्षा 2025 फाइनल इंटरव्यू के 608 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू स्थगित
सरकारी नौकरी के अभ्यर्थी अब रहें अलर्ट
CGPSC के इस फैसले के बाद वेटिंग लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती संबंधी अपडेट नियमित रूप से देखना जरूरी होगा। नई चयन सूची, संशोधित परिणाम और नियुक्ति से जुड़े आदेश अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण होंगे। हालांकि, उम्मीदवारों को यह भी समझना होगा कि वेटिंग लिस्ट में नाम आने का अर्थ स्वतः नियुक्ति की गारंटी नहीं है। नियुक्ति संबंधित नियमों, रिक्त पदों और विभागीय प्रक्रिया के अनुसार ही होगी।




















