Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Weather Update : देशभर में बारिश का कहर, 11 की मौत; कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट

Weather Update : देशभर में बारिश का कहर, 11 की मौत; कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों में झारखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु समेत अलग-अलग राज्यों में बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को भी देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

    यूपी में बांध ओवरफ्लो, 9 साल बाद खुले 22 गेट

    उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से नदियां और डैम उफान पर हैं। मिर्जापुर में अहरौरा डैम ओवरफ्लो हो गया, जिसके चलते 9 साल बाद इसके 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांव बाढ़ जैसी स्थिति में आ गए। खेत पानी में डूब गए और रास्तों पर आवागमन बाधित हो गया।

    राजस्थान में बारिश से मकान ढहा

    राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। अलवर के रामगढ़ में मकान गिरने से एक ही परिवार के 7 लोग मलबे में दब गए। वहीं, दौसा जिले में सरकारी संस्कृत स्कूल की छत का हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कक्षा में बच्चे मौजूद नहीं थे। मौसम विभाग ने राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया है।

    झारखंड में 5 लोगों की मौत, कई घायल

    झारखंड में भारी बारिश ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। सरायकेला-खरसावां जिले में घर गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। चतरा जिले में नदी में बह जाने से एक युवक की मौत हुई जबकि पत्नी लापता है। राज्य में कई जिलों में आज भी रेड अलर्ट जारी है।

    बिहार के 24 जिलों में अलर्ट

    बिहार में 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। नालंदा और जहानाबाद में नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पूर्णिया में कोसी नदी में डूबने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई।

    बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

    पश्चिम बंगाल में चक्रवातीय सिस्टम बनने से 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बाकुड़ा जिले में सड़कें पानी में डूब गईं और आवागमन ठप हो गया।

    जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भूस्खलन

    जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भूस्खलन से ट्रक दब गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। हिमाचल प्रदेश में भी राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद कर दी गई हैं।

    दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट

    दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। शनिवार को हुई बारिश से कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।

    ये भी पढ़ें: मुंबई स्टेशन पर खौफनाक वारदात, ट्रेन के बाथरूम में मिली बच्ची की लाश

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts