अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म ! ट्रंप बोले- इस सप्ताह हो सकती है अमेरिका-ईरान पीस डील; होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी बड़ी चर्चा

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच शांति समझौते को लेकर एक नई उम्मीद दिखाई दे रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित पीस डील के अहम बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है और इसी सप्ताह समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
हालांकि ट्रंप के इस दावे के कुछ ही समय बाद ईरान की ओर से अलग तस्वीर सामने आई। तेहरान ने साफ कर दिया कि अभी तक समझौते पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और आधिकारिक घोषणा तभी होगी जब सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों की सहमति बन जाएगी। ऐसे में दोनों देशों के बयानों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा छेड़ दी है कि क्या वास्तव में अमेरिका और ईरान किसी बड़े समझौते के करीब पहुंच चुके हैं।
पीस डील पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि समझौते से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंजूरी मिल चुकी है और बहुत जल्द दोनों पक्ष औपचारिक रूप से डील पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान के साथ युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक शानदार समझौता तैयार किया है। मुझे उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंत तक इसकी घोषणा की जा सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद स्थान और समय की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी दिया बड़ा संकेत
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में होर्मुज जलडमरूमध्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समझौता लागू होने के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को पूरी तरह खोल दिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा कारणों और क्षेत्रीय तनाव के चलते वहां कई तरह की पाबंदियां बनी हुई हैं। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और ऊर्जा संसाधनों का परिवहन होता है। इसलिए इस मार्ग से जुड़ी किसी भी खबर का असर वैश्विक बाजारों और तेल कीमतों पर पड़ सकता है।
परमाणु कार्यक्रम पर भी जताया भरोसा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। ट्रंप ने कहा कि इस डील का सबसे बड़ा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान भविष्य में परमाणु हथियार विकसित न कर सके। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर पाए। इस समझौते के जरिए उस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। ट्रंप के मुताबिक यदि यह समझौता सफलतापूर्वक लागू होता है तो मध्य पूर्व में लंबे समय से चली आ रही अस्थिरता को कम करने में मदद मिल सकती है।
कई देशों के नेताओं से हुई बातचीत
ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर कई क्षेत्रीय नेताओं से चर्चा की है। उनके अनुसार इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अलावा संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सऊदी अरब, बहरीन और कुवैत के नेताओं के साथ भी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन से भी बातचीत करने वाले हैं। ट्रंप का मानना है कि क्षेत्रीय देशों का सहयोग इस समझौते को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: टमाटर में लगी आग! चोइथराम मंडी में 1200 रुपए कैरेट तक पहुंचे दाम, लहसुन-प्याज समेत कई सब्जियां भी महंगी
ईरान ने कहा- अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ
जहां एक ओर ट्रंप समझौते को लगभग तय बता रहे हैं, वहीं ईरान ने सावधानी भरा रुख अपनाया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने अभी तक किसी अंतिम समझौते को मंजूरी नहीं दी है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार प्रवक्ता ने कहा कि समझौते के मसौदे पर बातचीत जारी है और सभी बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद ही कोई आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा किअ ईरान ने अभी तक समझौते पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है। जब संबंधित अधिकारियों के बीच सभी मुद्दों पर सहमति बन जाएगी, तब सरकार इसकी औपचारिक घोषणा करेगी।












