धार के सांदीपनि विद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, प्रिंसिपल पर अभद्रता के आरोप; सोमवार तक मांगें नहीं मानीं तो 45 किमी पैदल मार्च की चेतावनी

धार। जिले के सरदारपुर स्थित सांदीपनि विद्यालय में व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र-छात्राओं ने स्कूल से पैदल रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार महेश सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और प्रिंसिपल के रवैये पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे करीब 45 किलोमीटर पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे
बदले गए टाइम-टेबल और बस व्यवस्था को लेकर नाराजगी
विद्यार्थियों ने ज्ञापन में बताया कि स्कूल का टाइम-टेबल बिना पूर्व सूचना के बदल दिया गया है। गांवों से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बसों की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इसके कारण देर शाम घर पहुंचने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। छात्रों ने यह भी कहा कि स्कूल में लगातार सात पीरियड लगाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता। इसके अलावा पीने के लिए साफ पानी, लंच का उचित समय और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी कमी है। विद्यार्थियों ने इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
प्रिंसिपल पर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप
विद्यार्थियों ने स्कूल के प्रिंसिपल जब्बरसिंह पटेल पर आरोप लगाया कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई। छात्रों ने प्रिंसिपल के व्यवहार पर कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है। इस प्रदर्शन को ABVP के पूर्व भाग संयोजक कौशिक व्यास, राज यादव और प्रिंस यादव ने भी समर्थन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की मांगों को उचित बताते हुए स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर दिया।
सीहोर में बारूद का अवैध कारोबार बेनकाब: 30 किलो विस्फोटक और 585 गजकुंडियां जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
प्रिंसिपल बोले- शासन के आदेश पर लग रही एक्स्ट्रा क्लास
दूसरी ओर, प्रिंसिपल जब्बरसिंह पटेल ने कहा कि शासन के आदेश के मुताबिक स्कूल में एक्स्ट्रा क्लास लगाई जा रही हैं। इसी वजह से टाइम-टेबल में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।




















